बुलंदशहर: यूपी के जनपद के खुर्जा नगर में शनिवार की आधी रात एक जन्मदिन की पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई. चेहरे पर केक लगाने जैसी छोटी सी बात पर हुए विवाद में भाजपा सभासद के छोटे भाई, चचेरे भाई और भतीजे की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. इस गोलीबारी में तीन युवकों मनीष सैनी, आकाश सैनी और अमरजीत को सिर में गोली लगी. गंभीर हालत में तीनों को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. मौके पर आला अफसरों समेत भारी पुलिस फोर्स तैनात है. हालात को नियंत्रित किया जा रहा है.
पढ़िए कैसे शुरू हुआ विवाद
कोतवाली नगर क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित एक जिम में शनिवार रात चल रही बर्थडे पार्टी चल रही थी, जिसमें कई युवक शामिल थे। रात करीब साढ़े 11 बजे चेहरे पर केक लगाने से मना करने पर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान एक पक्ष ने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी. बात इतनी बढ़ी की खूनी बवाल मच गया. मामूली कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया.
आरोपियों की तलाश तेज
एसपी देहात ने बताया कि खुर्जा पुलिस को तीन लोगों को गोली लगने की सूचना मिली थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कोशिश कर रही हैं. आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
