Noida News: नोएडा में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक टेक कंपनी के निदेशक ने 22वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान सज्जल मेहरोत्रा के रूप में हुई है, जो सेपियंट कंपनी में निदेशक पद पर कार्यरत थे. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना रविवार की बताई जा रही है.
कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-107 स्थित प्रतीक एडिफाइस सोसायटी की बताई जा रही है, जानकारी के अनुसार, सज्जल मेहरोत्रा अपने परिवार के साथ सोसायटी के F टॉवर में रहते थे. रविवार को उन्होंने अपने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी. घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन और सुरक्षा गार्ड उन्हें गंभीर हालत में नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं और काफी खून बह चुका था.
नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. थाना प्रभारी डीपी शुक्ला के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है. मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. मृतक का मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने रविवार को ही अंतिम संस्कार कर दिया.
क्या हो सकती है वजह?
प्रारंभिक जांच में तनाव और पारिवारिक कलह को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. परिजनों की ओर से भी फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. बताया जा रहा है कि सज्जल की शादी करीब 10 साल पहले अदिति नाम की महिला से हुई थी, जो एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं. यह उनकी दूसरी शादी थी. सोसायटी के कुछ निवासियों के अनुसार, सज्जल पिछले कुछ दिनों से तनाव में नजर आ रहे थे.
ये भी पढ़ें: पंजाब से दिल्ली तक हलचल! AAP सांसदों को बीजेपी में शामिल होने की मंजूरी; राज्यसभा चेयरमैन ने दी परमिशन
