उत्तर प्रदेश के जालौन में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं 4 लोगों की हालत गंभीर है. घायलों का लगातार अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.

जालौन मेंम दर्दनाक सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. जालौन के कालपी कोतवाली के जोल्हुपुर मोड़ के पास में भीषण सड़क हादसा हुआ है. जानकारी के मुताबिक इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इसी के साथ 4 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. बताया जा रहा है कि परिवार अयोध्या से भगवान राम के दर्शन करके घर पर वापस लौट रहा था.
अयोध्या से घर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक ललितपुर जिले के महरौनी के रहने वाले शशिकांत तिवारी अपने परिवार के साथ में अयोध्या में दर्शन करने गए थे. बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह लगभग 6 बजे घर वापस लौटते समय रास्ते में कार चला रहे ड्राइवर को अचानक से नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक वाहन से जाकर टकरा गई.
कार में 10 लोग थे मौजूद
यह टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसके अंदर बैठे लोग कार में ही फंसे रह गए. बताया जा रहा है कि हादसे के समय पर कार के अंदर कुल 10 लोग मौजूद थे. इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और वहीं 2 लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि 4 लोगों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है.
मामले में पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. यह पूरा हादसा नेशनल हाईवे-27 पर हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है, शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ है.
यह भी पढ़ें- पत्नी के 3 बॉयफ्रेंड्स ने की पति की हत्या! शराब पिलाकर किया ईंट से हमला; सिर पर वार करके किया मर्डर
