उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. आरोपियों ने घर में रखी अलमारी के नीचे से तहखाने तक रास्ता बना रखा था. पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़
उत्तर प्रदेश के मेरठ एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. मेरठ की इंचौली पुलिस ने खरदौनी गांव में देर रात को एक घर पर छापा मारा. जिसके बाद घर से जो चीज बरामद हुई उसे देखकर पुलिस की टीम भी चौंक गई. पुलिस ने अलमारी के नीचे चल रही अवैध हथियारों की फैक्ट्री को पकड़ा है. इस कार्रवाई को पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर किया है.
अलमारी के नीचे से था रास्ता
पुलिस ने मौके से 5 तैयार तमंचे और हथियारों को बनाने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं. बताया जा रहा है कि तस्करों ने हाल ही में व्हाट्सएप के जरिए तस्करी का नेटवर्क स्थापित करके हथियारों की सप्लाई करना शुरू किया था. मामले में जानकारी देते हुए एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों ने घर की अलमारी के अंदर से तहखाने का रास्ता बनाकर रखा था. इस तहखाने में अवैध हथियारों को बनाने का काम होता था.
एक आरोपी BCA का छात्र
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें फैक्ट्री का मुख्य सरगना इमरान भी शामिल है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार 19 साल का उमंग ठाकुर खुद को BCA का छात्र बताता है. आरोपी उमंग इस गिरोह में तस्करी करने में सक्रिय भूमिका निभाता था. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से कुछ का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है.
4 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इमरान, उमंग ठाकुर उर्फ देव, कुलदीप और नरेंद्र के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि इन आरोपियों ने घर के अंदर रखी अलमारी के नीचे से रास्ता बना रखा था, यह रास्ता बेसमेंट में जाकर खुलता था. इस तहखाने में अवैध हथियारों को बनाने का काम होता था. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- चीखों में बदली खेल की आवाज! मुरादाबाद में गिरी निर्माणाधीन मकान की दीवार; 6 साल की बच्ची की दबकर मौत
