उत्तर प्रदेश के कानपुर में कासगंज एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैल गई. जिससे डरकर कुछ यात्रियों ने न पुल्लिंग कर दी और ट्रेन की स्पीड हल्की होते ही कई यात्री नीचे कूद पड़े.

ट्रेन में आग लगने की अफवाह
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. कानपुर के शिवराजपुर थाना इलाके में सोमवार को कासगंज एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि कासगंज एक्सप्रेस फर्रुखाबाद की ओर जा रही थी, इसी दौरान ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई. जिससे यात्री बुरी तरह से डर गए.
यात्रियों ने की चेन पुलिंग
जानकारी के मुताबिक ट्रेन में अफवाह इतनी तेजी से फैली कि ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने चेन पुल्लिंग कर दी और ट्रेन की स्पीड हल्की होते ही कई यात्री नीचे कूद पड़े. आपको बता दें कि अनवरगंज से कासगंज जा रही 15039 कासगंज एक्सप्रेस के शिवराजपुर पहुंचने से पहले ट्रैक पर उड़ने वाली धूल को कुछ यात्रियों ने धुआं समझ लिया. इसी दौरान ट्रेन में सवार एक यात्री ने आग की अफवाह फैला दी.
ट्रेन से कूदे यात्री
बताया जा रहा है कि आग की अफवाह फैलने के बाद ट्रेन के कोचों में बैठे यात्रियों के अंदर अफरा-तफरी मच गई. इसी दहशत के बीच किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन की रफ्तार कम हो गई और कई यात्री इसी दौरान ट्रेन से नीचे कूद गए. हालांकि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है. घटना की जानकारी मिलते ही शिवराजपुर पुलिस और रेलवे कर्मियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई.
जांच के बाद आगे बढ़ी ट्रेन
जिसके बाद अधिकारियों ने ट्रेन की जांच की, जिससे पता लगा कि आग नहीं लगी थी, बल्कि ट्रैक पर डाली गई गिट्टी की धूल के कारण इस तरह की स्थिति पैदा हुई थी. स्टेशन मास्टर ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने जैसी कोई भी घटना नहीं हुई थी. कुछ देर ट्रेन को रोककर जांच की गई, जिसके बाद उसे रवाना कर दिया गया.
