हापुड़ में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अय्यूब सिद्दिकी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है. प्रशासन के मुताबिक उनका घर सरकारी तालाब की जमीन पर बना हुआ था. जिसके कारण यह कार्रवाई की गई है.

सपा नेता के घर पर चला बुलडोजर
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अय्यूब सिद्दिकी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है. यह कार्रवाई हापुड़ प्रशासन ने बुधवार सुबह को अमीरपुर नगौला गांव में की है. इस दौरान एसडीएम संदीप सिंह और एएसपी की मौजूदगी में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा. यह कार्रवाई सरकारी तालाब की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए की गई है.
42 घरों को जारी किया गया था नोटिस
आपको बता दें कि प्रशासन के इससे पहले इस तालाब के क्षेत्र में बने हुए 42 घरों को नोटिस जारी किया था. इस कार्रवाई के दौरान ड्रोन कैमरे से निगरानी करते हुए विरोध कर रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बल का इस्तेमाल करके मौके से हटाया. हालांकि अय्यूब सिद्दीकी ने हाईकोर्ट से स्टे मिलने का दावा किया है, लेकिन प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को अंजाम दिया है.
सरकारी तालाब की जमीन पर बना मकान
मामले में जानकारी देते हुए एसडीएम संदीप सिंह ने बताया कि सपा नेता का मकान सरकारी तालाब की जमीन पर बना हुआ था, जिसके चलते उन्हें कई बार नोटिस दिए जा चुके थे. जिसके बाद इस तरह की कार्रवाई को किया गया है. इस दौरान भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और बुलडोजर के आगे विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. जिनको हटाने के लिए पुलिस की उनसे धक्का-मुक्की भी हो गई.
सपा नेता ने उठाए गंभीर सवाल
इस कार्रवाई के बाद सपा नेता अय्यूब सिद्दिकी ने गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि प्रशासन ने 42 लोगों को नोटिस दिया था, जिसको लेकर हाई कोर्ट में अपील की गई थी. उन्होंने बताया कि बुधवार को सुनवाई के बाद उन्हें स्टे का ऑर्डर मिल गया था, लेकिन प्रशासन ने कोर्ट के आदेश के इंतजार किए बिना ही उनके घर को तोड़ दिया. उन्होंने इस कार्रवाई को जबरदस्ती और नियमों के विरुद्ध बताया.
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में इंसानियत शर्मसार! सड़क पर होती रही युवक की हत्या; लोग बनाते रहे वीडियो
