हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बीजेपी ने राज्य की संपदा को लूटा है. मैं खुद इलेक्ट्रिक कार से चलता हूं. इसका खर्चा पेट्रोल से काफी कम है और यह छोटी भी है.

पीएम मोदी पर हिमाचल सीएम का बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन बचाने को लेकर अपील की है. जिसके बाद उनकी अपील पर विपक्ष लगातार निशाना साध रहा है. अब हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का एक बयान सामने आया है. सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि राज्य के गवर्नर ने अगर अपने काफिले में वाहनों की संख्या को कम किया है तो उनका यह कदम स्वागत करने लायक है, लेकिन राज्य सरकार ने पहले से ही कई संसाधनों में कटौती की है और लगातार आगे बढ़ रही है.
मैं खुद इलेक्ट्रिक कार में चलता हूं- सुक्खू
आपको बता दें कि मंडी में नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मैं खुद इलेक्ट्रिक कार में चलता हूं, जो काफी छोटी है और उसका खर्च भी पेट्रोल से काफी कम है. उन्होंने कहा कि मैंने अपने काफिले के अलावा मंत्रियों के काफिले में भी पहले से ही कटौती कर रखी है. इसी के साथ मंत्रियों के वेतन में भी 30% और विधायकों के वेतन में 20% की अस्थाई कटौती भी की गई है.
बीजेपी राज्य की संपदा को लूटा
उन्होंने कहा कि प्रदेश इन्हीं कोशिशों से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की ओर आगे बढ़ रहा है. सुक्खू ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपने शासन में फिजूलखर्ची करके राज्य की संपदा को लूटा है. हजारों करोड़ के भवन खड़े कर दिए जिनका आज तक किसी भी तरह का फायदा किसी को भी नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि बीजेपी सत्ता में आने के सपने देख रही है, लेकिन उन्हें यह नहीं पता है कि जनता की कसौटी पर खरा उतरना पड़ता है.
हम आर्थिक स्थिति को बेहतर कर रहे
सुक्खू ने कहा कि राज्य के लिए प्रधानमंत्री 1500 करोड़ का राहत पैकेज घोषित करके गए थे, जो आज तक नहीं मिल पाया है, लेकिन इसके ऊपर बीजेपी के किसी भी नेता ने बात नहीं की है. राज्य सरकार लगातार आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है और इसके परिणाम जल्दी ही नजर भी आएंगे. उन्होंने इस दौरान कहा कि बीजेपी ने सिर्फ राज्य की संपदा को लूटने का काम किया है.
यह भी पढ़ें- पश्चिम एशिया में तनाव के बीच प्रधानमंत्री मोदी का मास्टरस्ट्रोक, 5 देशों की यात्रा से बदल जाएगी भारत की ऊर्जा किस्मत!
