AC Safety Tips: गर्मियों में एसी फटने या उसमें आग लगने से पहले ओवरहीटिंग, तार जलने की बदबू, अचानक गर्म हवा आना या मशीन से तेज आवाज आने जैसे संकेत मिलते हैं. इन शुरुआती चेतावनियों को पहचानकर और समय पर एसी की सर्विस करवाकर बड़े हादसों को आसानी से टाला जा सकता है.

AC Safety Tips: गर्मी बढ़ते ही घरों और दफ्तरों में एसी का इस्तेमाल तेजी से बढ़ जाता है. लेकिन कई बार यही एसी बड़ा हादसा भी बन सकता है. देश के कई शहरों में एसी फटने और आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. कई मामलों में छोटी सी लापरवाही ने बड़ा नुकसान कर दिया. इसलिए एसी इस्तेमाल करते समय कुछ संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. क्योंकि आग लगने से पहले एसी अक्सर कुछ चेतावनी देने लगता है. अगर समय रहते इन संकेतों को पहचान लिया जाए तो बड़ा हादसा टाला जा सकता है.
अगर एसी अचानक ठंडी हवा की जगह गर्म हवा देने लगे तो तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए. कई लोग इसे सामान्य खराबी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन यह ओवरहीटिंग या इलेक्ट्रिकल दिक्कत का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में एसी को तुरंत बंद कर देना चाहिए. इसके बाद प्लग और वायरिंग को ध्यान से जांचना जरूरी है. अगर कहीं से धुआं या चिंगारी दिखाई दे तो तुरंत सुरक्षित जगह पर चले जाएं और बिजली सप्लाई बंद कर दें.
एसी चलाते समय अगर तार जलने जैसी बदबू आने लगे तो यह भी खतरे का संकेत माना जाता है. यह बदबू अक्सर वायरिंग गर्म होने या शॉर्ट सर्किट की वजह से आती है. ऐसे में एसी को लगातार चलाना खतरनाक हो सकता है. तुरंत बिजली बंद करें और किसी इलेक्ट्रिशियन से जांच करवाएं. कई बार पुरानी वायरिंग या ढीले कनेक्शन की वजह से भी ऐसी समस्या पैदा हो जाती है. इसलिए समय-समय पर एसी की सर्विस करवाना जरूरी माना जाता है.
अगर एसी के आसपास धुआं दिखाई दे या तारों में स्पार्किंग होने लगे तो बिल्कुल भी देर नहीं करनी चाहिए. यह आग लगने का सबसे बड़ा संकेत हो सकता है. सबसे पहले घर का मेन स्विच बंद करें. इसके बाद परिवार के लोगों को सुरक्षित जगह पर ले जाएं. कभी भी ऐसे समय पर खुद से तार छूने या पानी डालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. क्योंकि इससे करंट लगने का खतरा बढ़ सकता है. जरूरत पड़ने पर तुरंत फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को सूचना दें.
एसी से आने वाली असामान्य आवाज भी खतरे का संकेत हो सकती है. अगर मशीन तेज आवाज करने लगे और कूलिंग अचानक कम हो जाए तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. कई बार मोटर या वायरिंग में खराबी की वजह से ऐसा होता है. लगातार दबाव बढ़ने पर मशीन गर्म हो सकती है और आग लगने का खतरा पैदा हो सकता है. इसलिए एसी की नियमित जांच और सही तरीके से इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है. छोटी सावधानी बड़े हादसे को रोक सकती है.
