उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक 7वीं क्लास का छात्र तालाब में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतक अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ में तालाब में नहाने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी की तरफ चला गया.

तालाब में डूबने से किशोर की मौत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 13 साल के किशोर की तालाब में डूबने के कारण मौत हो गई. बताया जा रहा है कि किशोर किसान पथ के किनारे पर बने तालाब में नहाने के लिए गया था. किशोर अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ में तालाब में नहा रहा था, इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा.
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम
जानकारी के मुताबिक जब किशोर डूबने लगा, तो उसके साथ आए बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया. बच्चों की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया. जिसके बाद SDRF टीम को भी मौके पर बुलाया गया.
SDRF टीम ने किया रेस्क्यू
तालाब में जलकुंभी ज्यादा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कई दिक्कतें आईं, जिसके कारण किशोर को तलाशने में लगभग 2 घंटों की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. SDRF की टीम ने किशोर को काफी मेहनत के बाद तालाब से बाहर निकाला और तुरंत ही पीजीआई अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान खेड़ा कल्ली पश्चिम गांव के रहने वाले जितेंद्र कुमार के रूप में की गई है.
7वीं क्लास का छात्र का मृतक
जानकारी के मुताबिक मृत किशोर सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट हाई स्कूल में 7वीं क्लास में पढ़ता था. मृतक के पिता ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक उनका पांचवें नंबर का बच्चा था. उन्होंने बताया कि उनका बेटा जितेंद्र अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था. फिलहाल पुलिस ने किशोर के शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
यह भी पढ़ें- ‘कभी भी हो सकता धमाका…’, हैदराबाद एयरपोर्ट पर विमान को बम की धमकी; आइसोलेशन बे में शिफ्ट की गई फ्लाइट
