महाराष्ट्र के ठाणे में एक ज्वेलरी व्यापारी के साथ 14 लाख रुपए की ठगी हुई है. आरोपियों ने व्यापारी को भरोसा दिलाया कि वे उसे बाजार से कम दामों में सोना दिलवा देंगे. जिसके बाद उन्होंने पीड़ित से पैसे ठग लिए.

ज्वेलरी व्यापारी से ठगी
महाराष्ट्र के ठाणे से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां सस्ते रेट में सोना दिलाने का झांसा देकर एक ज्वेलरी व्यापारी से लाखों रुपयों की ठगी की गई है. इस मामले में पुलिस ने जानकारी मिलने के बाद 3 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई को शुरू कर दिया है. इस घटना के बाद शहर के कारोबारियों में चिंता का माहौल बना हुआ है.
आरोपियों को दिए 14 लाख रुपए
जानकारी के मुताबिक यहां एक ज्वेलरी व्यापारी को सस्ते दामों में सोना दिलाने का झांसा देकर 14 लाख रुपए की ठगी की गई है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि 31 साल का पीड़ित व्यापारी गोरेगांव का रहने वाला है और कुछ लोगों ने उससे संपर्क करके उसे प्रस्ताव दिया था कि बाजार कीमत से दम दर पर उसे सोना दिलवा देंगे. जिसके बाद उनपर भरोसा करते हुए व्यापारी ने 14 लाख रुपए उन्हें नकद दे दिए.
बातचीत के दौरान भरोसे में लिया
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास सस्ता सोना मौजूद है और अगर वह नकद पैसे देगा तो उसे 100 ग्राम सोना रियायती कीमत पर भी दे दिया जाएगा. जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने 12 मई को व्यापारी को वसंत विहार इलाके में बुलाया और यहां बातचीत करके व्यापारी को भरोसा दिलाया कि पैसा मिलते ही उसे सोना दे दिया जाएगा. जिसके बाद व्यापारी ने उन्हें पैसे दे दिए.
पुलिस कर रही मामले में जांच
पैसा मिलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और व्यापारी को सोना नहीं दिया गया. काफी देर रुकने के बाद व्यापारी को धोखाधड़ी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया. मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने 3 नामजद लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली. पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए इलाके में लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है. पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोशिश कर रही है.
यह भी पढ़ें- RSS मुख्यालय के पास देर रात फायरिंग, नागपुर में दहशत का माहौल; पुलिस ने गिरफ्तार किए 6 आरोपी
