Yogi Cabinet Meeting: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आज सोमवार को पहली बार मंत्री परिषद की बैठक हुई. इस बैठक में कैबिनेट मंत्री भी शामिल हुए. बैठक में 12 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी है. इससे पहले रविवार को हाल में शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा कर दिया गया है.
12 अहम प्रस्ताव पर मुहर
योगी कैबिनेट की बैठक में आज 12 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी है, जिनमें पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण (OBC Reservation) तय करने के लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग गठन को मंजूरी सबसे अहम फैसला माना जा रहा है. इसके अलावा लखनऊ मेट्रो के चारबाग से बसंतकुंज कॉरिडोर के एमओयू को मंजूरी मिल गई है. इतना ही नहीं पशु चिकित्सा छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता बढ़ाकर 12000 हजार प्रतिमाह कर दिया गया है.
मेट्रो विस्तार को लेकर बड़ा फैसला
लखनऊ में मेट्रो विस्तार को लेकर भी बड़ा फैसला किया गया है. चारबाग से बसंतकुंज तक मेट्रो परियोजना के समझौता ज्ञापन (MoU) प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुहर लगाई है. इस प्रस्ताव के पास होने से लखनऊ मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तेज होगा और शहर के दक्षिणी हिस्से को बड़ी कनेक्टिविटी मिलेगी.
OBC के आरक्षण का नया आधार
यूपी कैबिनेट के फैसलों को आगामी चुनावों और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है. रिपोर्ट्स की मानें तो योगी सरकार पंचायत चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण का नया आधार तैयार करना चाहती है. इसके लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग गठित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है. आयोग पंचायत स्तर पर पिछड़े वर्ग की सामाजिक और राजनीतिक हिस्सेदारी का अध्ययन करेगा, जिसके आधार पर आरक्षण तय किया जाएगा.
कौन-कौन से प्रस्ताव रखे गए बैठक में..
यूपी कैबिनेट में जिन प्रस्तावों को रखा गया है, उनमें 765/400 केवी मिर्जापुर पूलिंग उपकेंद्र और ट्रांसमिशन लाइन निर्माण का प्रस्ताव, यूपी जन्म-मृत्यु पंजीकरण नियमावली 2026 लागू करने का प्रस्ताव, Dr. Ram Manohar Lohia Institute of Medical Sciences में 1010 बेड सुपर स्पेशियलिटी इमरजेंसी सेंटर निर्माण प्रस्ताव, Swaroop Rani Nehru Hospital विस्तार के लिए भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव, Agra Metro कॉरिडोर-2 के स्टेशन और वायाडक्ट निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव, Lucknow Metro ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर एमओयू प्रस्ताव, राज्य सरकार प्रतिभूति संबंधी 2007 अधिसूचना में संशोधन प्रस्ताव, यूपी लोक सेवा आयोग संशोधन विनियम 2026 लागू करने का प्रस्ताव शामिल हैं. इसके अलावा पशु चिकित्सा छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता ₹4,000 से बढ़ाकर ₹12,000 प्रतिमाह करने का प्रस्ताव, यूपी राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग गठन प्रस्ताव और मिर्जापुर में सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी स्थापना के लिए आशय पत्र जारी करने का प्रस्ताव रखा गया.
ये भी पढ़ें: ठाणे में ज्वेलरी व्यापारी से 14 लाख की ठगी! ठगों ने अपनाया अनोखा रास्ता; सोने का दिया लालच
