Cooler Hacks For Summer: कूलर की चिपचिपी हवा से होने वाली उमस को खिड़की-दरवाजे थोड़े खुले रखकर पूरी तरह दूर किया जा सकता है. इसके साथ ही कूलर की टंकी में बर्फ के साथ दो चम्मच मोटा नमक मिलाने से पानी घंटों ठंडा रहता है और बिजली बिल भी बचता है.

Cooler Hacks For Summer: जून के महीने में दोपहर होते ही सूरज आग उगलने लगता है. इस झुलसाने वाली गर्मी और उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. ऐसे में मिडिल क्लास परिवारों के लिए कूलर ही सबसे बड़ा सहारा होता है. लेकिन मुसीबत तब आती है जब कूलर ठंडी हवा देने की बजाय कमरे को प्रेशर कुकर बना देता है. बंद कमरे में कूलर चलाने से हवा चिपचिपी हो जाती है. बदन पसीने से तर-बतर हो जाता है और रात की नींद उड़ जाती है. खासकर उन लोगों को ज्यादा दिक्कत होती है जो एक ही कमरे में रहते हैं और वहीं खाना भी बनाते हैं. अगर आप भी भारी बिजली बिल के डर से एसी नहीं लगा पा रहे हैं तो कुछ देसी ट्रिक्स से अपने कूलर को शिमला जैसा कूल बना सकते हैं.
बहुत से लोगों को लगता है कि कूलर में लगातार पंप चलाने से कमरा ज्यादा ठंडा होगा. लेकिन असल में यहीं पर सबसे बड़ी चूक होती है. जब आप कूलर को पूरी तरह से बंद कमरे में चलाते हैं तो हवा में नमी का लेवल बहुत बढ़ जाता है. बंद कमरे की वजह से कूलर की पानी वाली हवा बाहर नहीं निकल पाती है. इसके चलते कमरा किसी स्टीम बाथ जैसा गर्म और चिपचिपा हो जाता है. फिर पसीना सूखने का नाम नहीं लेता और हवा ठंडी होने की जगह परेशान करने लगती है. कूलर का सीधा सा नियम है कि इसे काम करने के लिए ताजी और बाहरी हवा की जरूरत होती है.
कूलर को उमस का बम बनने से रोकने के लिए उसे हमेशा खुली खिड़की या दरवाजे पर सेट करें. कूलर बाहर की सूखी हवा को अंदर खींचेगा तो कूलिंग बेहतर होगी. इसके साथ ही कमरे के दूसरी तरफ की खिड़की या दरवाजे को थोड़ा सा खुला जरूर रखें. उसे करीब दस से पंद्रह परसेंट तक खोलकर रखना काफी होता है. ऐसा करने से कमरे के अंदर बनने वाली गर्म और गीली हवा लगातार बाहर निकलती रहेगी. हवा का यह क्रॉस वेंटिलेशन बनते ही कूलर की कूलिंग पावर अपने आप दोगुनी हो जाती है.
अक्सर लोग कूलर के पानी को ठंडा करने के लिए उसमें बर्फ के टुकड़े डाल देते हैं. लेकिन वह बर्फ दस मिनट में पिघलकर कमरे की उमस को और बढ़ा देती है. इस समस्या से बचने के लिए एक बेहतरीन हैक अपनाएं. इस बार जब आप कूलर की टंकी में बर्फ डालें तो साथ में दो बड़े चम्मच मोटा नमक भी मिला दें. नमक डालने से पानी का फ्रीजिंग पॉइंट कम हो जाता है. इससे बर्फ बहुत धीरे-धीरे पिघलती है. कूलर का पानी घंटों तक एकदम ठंडा बना रहता है और कमरे में चिपचिपी उमस भी नहीं होती है.
लगातार कूलर चलाने से बिजली का बिल भी काफी भारी आता है. बिल को काबू में रखने के लिए दोपहर में एक आसान तरकीब काम आएगी. जब कमरा एक बार अच्छी तरह ठंडा हो जाए तो कूलर का वाटर पंप बंद कर दें. इसके बाद केवल उसका फैन चलने दें. चूंकि कूलर की घास पहले से ही अच्छी तरह गीली और ठंडी होती है इसलिए अगले एक से दो घंटे तक आपको बिना पंप के भी ठंडी हवा मिलती रहेगी. इससे बिजली की भी बड़ी बचत होगी. इसके अलावा कूलर की बदबू और मच्छरों को दूर करने के लिए पानी में नींबू के रस की कुछ बूंदें या पुदीने का तेल मिला सकते हैं. इससे कमरा खुशबू से महक उठेगा.
