Hapur Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मंगलवार की सुबह एक एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ.यहां थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में सोना पेट्रोल पंप के पास बने फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर खड़े यात्रियों को बेरहमी से कुचल दिया. हादसे में एक मासूम बच्ची और एक युवती की मौत हो गई,जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं.
कहां हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि एक रोडवेज बस गोंडा से दिल्ली की तरफ जा रही थी.रास्ते में बस अचानक खराब हो गई,जिसके बाद बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने सभी यात्रियों को हाईवे के किनारे नीचे उतार दिया.यात्री दूसरी बस के आने का इंतजार कर रहे थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक (ट्रेलर) ने यात्रियों को अपनी चपेट में लेते हुए बुरी तरह रौंद दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवे पर चीख-पुकार मच गई.
सड़क किनारे खड़े थे लोग
प्रत्यक्षदर्शी चंद्रशेखर ने बताया कि वह सीतापुर से रोडवेज की सरकारी बस से आ रहे थे.बस में कुछ खराबी आ रही थी और वह धीरे-धीरे चल रही थी. ड्राइवर ने बस को किसी ढाबे पर रोकने के बजाय बीच रास्ते में ही रोक दिया और कहा कि बस खराब हो गई है, दूसरी बस आएगी उसमें यात्रियों को बैठाएंगे.उन्होंने सारे यात्रियों और सामान को नीचे उतरवा दिया. सभी यात्री खड़े ही थे कि तभी पीछे से एक बड़ी गाड़ी (कंटेनर जैसी, जिसमें सरिया लदी होती है) आई और बिना देखे सबको कुचलते हुए आगे निकल गई. हादसे में करीब 11-12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और हमारी अपनी पोती की भी इस हादसे में मौत हुई है.
मौके पर पुलिस फोर्स
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर अनीता चौहान और दो थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.
पुलिस जांच में जुटी
सीओ सिटी अनीता चौहान ने बताया कि आज तड़के एक रोडवेज बस, जो गोंडा से दिल्ली की तरफ जा रही थी, खराब होने के कारण सोना पेट्रोल पंप के पास फ्लाईओवर पर खड़ी थी. इससे सवारियां दूसरी बस में शिफ्ट की जा रही थीं. उसी दौरान पीछे से एक ट्रक (ट्रेलर) द्वारा दुर्घटना घटित हुई. हादसे में मौके पर ही एक बच्ची की मृत्यु हो गई थी और छह लोग घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान एक और लड़की की मृत्यु हो गई है. बाकी घायलों का इलाज चल रहा है. स्थिति सामान्य है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. हादसे के बाद कुछ समय के लिए दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था. जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को नियंत्रित कर सुचारू कराया. इस घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी ड्राइवर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
ये भी पढ़ें: तेज प्रताप यादव के घर से करोड़ों की चोरी! MacBook, सोना और 20 लाख कैश गायब…
