हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 2 जगहों पर फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड की घटनाएं घटी हैं. इन घटनाओं में एक स्कॉर्पियो समेत 2 वाहन फंस गए हैं. हालांकि किसी भी तरह की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है.

हिमाचल में बारिश का कहर
हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार कहर ढा रहा है. राज्य के कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. अब किन्नौर जिले में 2 अलग-अलग जगहों से फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड की घटना सामने आई हैं. बताया जा रहा है कि इसके कारण काजा-किन्नौर-शिमला को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ है.
फ्लैश फ्लड से रास्ता बंद
इन घटनाओं को लेकर राहत की बात यह है कि यहां से अभी तक किसी भी तरह की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है. जानकारी के मुताबिक किन्नौर में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद बीती रात चोलिंग के पास मीरू नाले में फ्लैश फ्लड आया और इस दौरान पहाड़ियों से भारी मात्रा में मलबा आया है. मलबा गिरने के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 बंद हो गया है.
स्कॉर्पियो समेत फंसी 2 गाड़ियां
बताया जा रहा है कि इन घटनाओं में स्कॉर्पियो समेत मलबे में 2 वाहन फंसे हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिए गए, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है. मामले में जानकारी देते हुए डीसी किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि मलबे को लगातार मशीनों की मदद से हटाया जा रहा है.
रिब्बा खड्ड में आई बाढ़
उन्होंने बताया कि जल्द ही राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर यातायात को बहाल कर दिया जाएगा. इसके साथ ही किन्नौर के रिब्बा खड्ड में भी अचानक आई बाढ़ से रिब्बा-कंडे मार्ग बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. यह मार्ग भी अब बंद हो गया है, जिसके ऊपर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है. हिमाचल प्रदेश में पिछले 2 दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे लोगों की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं. बारिश के कारण राज्य भर में लगभग 46 सड़कें बंद हो गई हैं.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर दान विवाद के बीच नया बवाल! चंपत राय पर राम निवास मंदिर पर कब्जा की साजिश का आरोप; पंच प्रमुख ने किया दावा
