मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोपी ने 2 महीने पहले भी महिला को किले से धक्का देकर मारने की कोशिश की थी. हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

पति ने की पत्नी की हत्या
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला की उसके पति ने गला घोंटकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि घटना से लगभग 2 घंटे पहले महिला ने अपने पति से जा का खतरा होने की आशंका जताई थी. इसके बाद भी आरोपी ने मौका लगते ही वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया. जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है.
कुछ साल पहले हुई थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना हजीरा थाना क्षेत्र की है. मृत महिला की पहचान 34 साल की आरती दोहरे के रूप में की गई है. महिला ने कुछ साल पहले भिंड जिले के रहने वाले धर्मेंद्र दोहरे नाम के व्यक्ति के साथ लव मैरिज की थी. शादी के कुछ समय तक चीजें सामान्य थीं, लेकिन धीरे-धीरे विवाद बढ़ गया. आरोप है कि धर्मेंद्र का स्वभाव हिंसक होता गया और वह आरती के साथ मारपीट करने लगा.
बच्चों के साथ अलग रहती थी महिला
प्रताड़ना से परेशान होकर महिला अपने 2 बच्चों के साथ पति से अलग रहने लगी. महिला हजीरा इलाके में एक मकान में किराए पर रहने लगी थी. महिला अपने बच्चों को पालने के लिए ई-रिक्शा चलाती थी. इस काम में महिला की मदद देवर लगने वाले संजू दोहरे करते थे. बताया जा रहा है कि दोनों लगभग डेढ़ महीने से ई-रिक्शा चला रहे थे. बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र पहले भी महिला की हत्या करने की कोशिश कर चुका था.
2 महीने पहले की थी हत्या की कोशिश
बताया जा रहा है कि आरोपी ने 2 महीने पहले महिला को ग्वालियर किले से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन इस दौरान वह बच गई थी और उसके पैर में चोट आई थी. मंगलवार को आरोपी महिला के कमरे पर पहुंचा और कुछ दिन रुकने की बात कही. जिसके बाद बुधवार को जब संजू काम पर गया, तो धर्मेंद्र ने आरती को जाने से रोक दिया. इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया.
कमरे में मिला महिला का शव
इस घटना से 2 घंटे पहले महिला ने उषा तोमर नाम की महिला से कहा था कि उसे अपने पति से खतरा है. शाम के समय जब संजू काम से वापस आया तो कमरे में आरती का शव पड़ा मिला. हालांकि आरोपी फरार हो चुका था. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें- धामी सरकार के विकास मॉडल का असर! 2 महीनों में 52 हजार श्रद्धालु पहुंचे आदि कैलाश; हिमालय की गोद में आस्था का केंद्र
