पंजाब के होशियारपुर जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. अधिकारी के ऊपर जेल के अंदर कैदियों तक ड्रग्स और मोबाइल पहुंचाने के बदले मोटी रकम वसूलने के आरोप हैं. पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है.

होशियारपुर जेल का डिप्टी सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार
पंजाब में जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है. पंजाब को होशियारपुर जिला जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि अधिकारी के ऊपर गंभीर आरोप लगे हैं. हरभजन सिंह के ऊपर जेल में बंद कैदियों तक ड्रग्स और मोबाइल फोन पहुंचाने के बदले मोटी रकम वसूलने जैसे आरोप लगे हैं.
जेल से वायरल हुआ था वीडियो
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर पिछले दिनों एक वीडियो के वायरल होने के बाद उसकी जांच के बाद की गई है. आपको बता दें कि जेल में बंद मनप्रीत सिंह मन्ना नाम के एक कैदी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में जेल प्रशासन पर जबरन वसूली और प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे. वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया.
जांच के दौरान सामने आया नाम
पंजाब पुलिस ने जब इस वीडियो की जांच की तो डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह का नाम सामने आया था. जांच के दौरान पता लगा कि आरोपी अधिकारी जेल के अंदर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए तस्करों और अपराधियों के साथ सांठगांठ कर रहा था. वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- दान चोरी मामले में VHP अध्यक्ष ने उठाए सवाल! नेताओं से आरोपों का आधार पूछने की मांग; कहा- कानूनी कार्रवाई होना चाहिए
