झारखंड के रांची में मौजूद राज अस्पताल में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया. इस मामले में मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं.

इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत
झारखंड की राजधानी रांची में मौजूद राज अस्पताल में इलाज के दौरान हुई व्यक्ति की मौत के बाद विवाद बढ़ गया है. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने और भारी रकम वसूलने के साथ असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. इस मामले को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे.
राज अस्पताल लेकर पहुंचे थे परिजन
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद 4 जुलाई को सरकारी जांच टीम ने अस्पताल पहुंचकर इलाज से जुड़े हुए डॉक्यूमेंट्स और रिकॉर्ड की जांच की है. आपको बता दें कि 24 मई को लातेहार के रहने वाले राजू कुमार पांडे को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद लातेहार सदर अस्पताल ले जाया गया था. सदर अस्पताल से उन्हें रिम्स रेफर किया गया था, लेकिन बेहतर इलाज की उम्मीद में परिजन घायल को राज अस्पताल लेकर पहुंचे थे.
एक महीने के बाद हुई मौत
बताया जा रहा है कि लगभग एक महीने इलाज के बाद व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए डॉक्टरों के ऊपर लापरवाही का आरोप लगाया था और इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच के आदेश दिए थे. वहीं अस्पताल प्रशासन ने परिजनों के सभी आरोपों को निराधार बताया है.
अस्पताल ने निराधार बताए आरोप
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक मरीज गंभीर पॉलीट्रॉमा, ब्रेन इंजरी और कई फ्रैक्चर के साथ में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान मरीज के बाएं पैर का एम्प्यूटेशन करने की सलाह भी दी गई थी, लेकिन परिजनों ने परमिशन नहीं दी थी. फिलहाल मरीज के इलाज से जुड़े हुए सभी रिकॉर्ड सरकार जांच टीम को सौंप दिए गए हैं. जांच की रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- नितिन नबीन की NDA नेताओं साथ बैठक! यूपी चुनाव को लेकर रणनीति तैयार; कहा- भारी बहुमत से बनेगी सरकार
