Lucknow Tiranga Yatra:भारतीय जनता पार्टी (BJP) का राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज से शुरू हो रहा है. यह अभियान 17 अगस्त तक चलेगा, जिसके तहत लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
BJP Tiranga Yatra: 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आज से अपने राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत कर रही है. उत्तर प्रदेश में इस अभियान का भव्य आगाज़ राजधानी लखनऊ से हो गया है. इसकी कमान खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभाली. तिरंगा यात्रा सीएम आवास से शुरू हुई जो विधानसभा तक जाएगी. इस तिरंगा यात्रा में डिप्टी सीएम समेत बीजेपी के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे. सीएम योगी काकोरी शहीद स्मारक भी जाएंगे.
CM आवास से विधानसभा तक भव्य तिरंगा यात्रा
उत्तर प्रदेश में अभियान का आगाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई उत्तर प्रदेश विधानसभा तक पहुंचेगी. इस दौरान कैबिनेट मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होंगे. भाजपा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और हर नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से जोड़ना है. अभियान के दौरान प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं, जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाएंगे. भाजपा ने इस यात्रा को व्यापक स्वरूप देने के लिए अपने सहयोगी दलों को भी साथ जोड़ा है. NDA में शामिल सहयोगी दलों के विधायक भी तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेंगे। इससे यात्रा में भाजपा के साथ उसके सहयोगी दलों की भी भागीदारी नजर आएगी।
पार्टी नेताओं के अनुसार, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा है, ताकि आजादी के अमृतकाल में राष्ट्र के प्रति सम्मान और नागरिकों की भागीदारी को और बढ़ाया जा सके. स्वतंत्रता दिवस से पहले शुरू हुए इस अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की जाएगी.
शहीदों के परिजनों को किया जाएगा सम्मानित
शहीद स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे. शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा. इस दौरान प्रदेश भर के सभी जिलों, तहसीलों और बूथ स्तर तक प्रभात फेरियों, मैराथन और तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा.
9 से 17 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान
भारतीय जनता पार्टी का यह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज से शुरू होकर 17 अगस्त 2026 तक पूरे राज्य में लगातार चलेगा. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक में देशभक्ति का भाव जगाना और उन्हें अपने घरों, दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों व संस्थानों पर सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है.
