UP T20 League: उत्तर प्रदेश में क्रिकेट का सबसे बड़ा महाकुंभ ‘यूपी टी-20 लीग’ के चौथे सीजन की शुरुआत शुक्रवार, 14 अगस्त की शाम लखनऊ के इकाना स्टेडियम से होने जा रही है. उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) द्वारा आयोजित इस लीग का पहला मुकाबला मौजूदा विजेता काशी रुद्रास और उपविजेता मेरठ मावरिक्स के बीच खेला जाएगा. इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गई हैं. लखनऊ के द सेंट्रम होटल में कैप्टंस मीट के दौरान लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि लीग ने गुमनाम प्रतिभाओं को बड़ा मंच दिया है।
आईपीएल की तर्ज आयोजन
इस पूरे आयोजन को आईपीएल की तर्ज पर तैयार किया गया है, जिसका प्रसारण भारत में ‘स्टार स्पोर्ट्स 2’ और ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘डिज्नी+ हॉटस्टार’ के जरिए दुनिया के 150 देशों में किया जाएगा. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने इकाना स्टेडियम पहुंचेंगे.
खेल के साथ मनोरंजन का तड़का
उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए खेल के साथ मनोरंजन का तड़का लगाया गया है. प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन और पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस अपनी लाइव परफॉर्मेंस से समां बांधेंगे. स्टेडियम में अत्याधुनिक लाइट शो और ड्रोन प्रदर्शन का आयोजन होगा.
लखनऊ में पहला चरण, कानपुर के ग्रीन पार्क में होगा फाइनल
यूपी टी-20 लीग के अध्यक्ष संजय कपूर के अनुसार, 6 टीमों के बीच कुल 34 मैच खेले जाएंगे.
प्रथम चरण (14 से 26 अगस्त): सभी मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित होंगे.
द्वितीय चरण व फाइनल (28 अगस्त से 6 सितंबर): प्लेऑफ और फाइनल सहित दूसरे चरण के मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे। 6 सितंबर को ग्रैंड फिनाले होगा.
‘कैप्टंस मीट’ में कप्तानों ने जताई जीत की उम्मीद
लीग की शुरुआत से पहले आयोजित कैप्टंस मीट में प्रमुख खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतियों पर चर्चा की. लखनऊ फॉल्कंस के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि ऑक्शन के जरिए टीम की कमियों को दूर कर एक संतुलित टीम बनाई गई है, जो इस बार खिताब जीतने उतरेगी. मेरठ मावरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने कहा कि उनकी टीम लगातार तीन सीजन से फाइनल खेल रही है और इस बार भी जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी. कानपुर के समीर रिजवी, नोएडा के माधव कौशिक, गोरखपुर के आर्यन जुयाल और वाराणसी के उप-कप्तान भूपेंद्र यादव ने कहा कि यह लीग युवा खिलाड़ियों के लिए प्रतिभा दिखाने का सबसे बड़ा मंच है.
खिलाड़ियों की लिस्ट जारी नहीं
आगरा में हुए मिनी ऑक्शन के बाद गवर्निंग काउंसिल ने ट्रायल्स के जरिए 7 अतिरिक्त खिलाड़ी चुनने का विकल्प दिया था. आरोप हैं कि पारदर्शिता को दरकिनार कर मनमाने ढंग से चयन किया गया, यही वजह है कि लीग शुरू होने तक किसी भी टीम ने अपने 25 खिलाड़ियों की पूरी सूची सार्वजनिक नहीं की है.
