UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर पूरी रंगत में नजर आ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिमी यूपी और नोएडा से गाजीपुर तक आसमान में बादलों का पहरा है. मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 18 अगस्त के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 24 जिलों में भारी बारिश और 61 जिलों में वज्रपात (बिजली गिरने) का कड़ा अलर्ट जारी किया है. अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको पहले मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए. उत्तर प्रदेश में आज कहीं बारिश तो कहीं धूप खिलने वाली है. कई जगहों पर लोगों को उमस सताने वाली है. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है और कब एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होगा?
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में 14 से 16 अगस्त के दौरान कई इलाक़ों में भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 18 अगस्त तक भारी बारिश का दौर बने रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में 14 से 18 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहेगा. मौसम विभाग ने दोनों ही क्षेत्रों (पूर्वी और पश्चिमी यूपी) में कहीं-कहीं भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
इन 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें प्रमुख हैं, पूर्वांचल व मध्य यूपी के प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, औरैया. पश्चिम व रोहिलखंड के सहारनपुर, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और इनके आसपास के क्षेत्र.
61 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी
तेज बारिश के साथ-साथ प्रदेश के 61 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का बड़ा खतरा जताया गया है. वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, लखनऊ, रायबरेली, अयोध्या, सुल्तानपुर, झांसी, जालौन, चित्रकूट, बांदा, मुजफ्फरनगर, शामली सहित बुंदेलखंड और तराई क्षेत्र के अधिकांश जिले इस अलर्ट के दायरे में हैं.
मौसम विभाग की सलाह
किसानों के लिए सलाह है कि खराब मौसम और बिजली चमकने के दौरान खेतों में काम करने से बचें. यदि खेत में हैं, तो तुरंत किसी पक्के आश्रय में जाएं. पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे कभी शरण न लें. बिना आवश्यक कार्य के तेज बारिश के दौरान यात्रा न करें. आकाशीय बिजली के समय खिड़कियों, धातु की वस्तुओं और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखें.
