UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 16 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको पहले मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है और कब एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होगा?
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में जलभराव, बिजली गिरने और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है.
इन जिलों में येलो अलर्ट
प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की संभावना है.
लोगों के लिए एडवाइजरी
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें. जलभराव वाले इलाकों में जाने से परहेज करें और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले स्थानों में न रुकें। वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
किसानों को सलाह
किसानों को बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खेतों में काम न करने की सलाह दी गई है. फसलों में जलभराव की स्थिति बनने पर पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके.
अगले चार दिन अहम
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा. ऐसे में कई जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. लोगों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
