UP Weather:उत्तर प्रदेश में मॉनसून लगातार अपना रौद्र रूप दिखा रहा है.भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 अगस्त के लिए राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी जारी की है. प्रदेश में 17 अगस्त को मौसम का मिला-जुला रुख देखने को मिलेगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में सुबह तेज धूप और अत्यधिक ह्यूमिडिटी रहने की संभावना है. वहीं पूर्वी हिस्से के जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
अनेक इलाकों में झमाझम बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 17 अगस्त को पूर्वी यूपी के लगभग सभी स्थानों और पश्चिमी यूपी के अनेक इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होगी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने प्रदेश के 26 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ और 31 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.
इन 26 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’
जिन जिलों के लिए मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है वो हैं, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया.
इन 31 जिलों में ‘येलो अलर्ट’
जिन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है वो हैं, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, बदायूं, औरैया, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र.
अगले चार दिन अहम
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा. ऐसे में कई जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. लोगों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
सुरक्षा एडवाइजरी
यात्रा और आवाजाही: सड़कों पर जलभराव और फिसलन के खतरे को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। जर्जर भवनों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें. मेघगर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले में खड़े होने या पेड़ों और बिजली के खंभों की शरण लेने से पूरी तरह बचें. तुरंत किसी पक्के मकान या सुरक्षित स्थान के भीतर चले जाएं.
