अंबेडकरनगर में IPS की मां की हत्या और घर में चोरी के मामले में अब राजनीति भी तेज हो गई है. मामले को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा है.
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में IPS अधिकारी की मां के साथ लूट और हत्या मामले में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर तंज करते हुए कहा कि प्रदेश में तो पुलिस ही सुरक्षित नहीं है.
लखनऊ में तैनात हैं IPS आशुतोष मिश्रा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीती रात रूढ़ा धमरूआ गांव में IPS आशुतोष मिश्रा के घर में चोरी के इरादे से कुछ चोर घुसे थे और उन्होंने आशुतोष की मां की हत्या कर दी. वो गांव के घर में अकेली रहती थीं. आपको बता दें कि आईपीएस आशुतोष मिश्रा लखनऊ में मौजूद पुलिस भवन कल्याण में एसपी पद पर तैनात हैं.
अखिलेश यादव ने किया एक्स पर पोस्ट
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता की हत्या का समाचार आया है. उत्तर प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है.
आखिर क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि आईपीएस आशुतोष मिश्रा के अंबेडकर नगर के रुधा धम्रुआ गांव में मौजूद घर में उनकी मां की हत्या और जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक इंद्रावती रविवार को घर में मृत पाई गई थीं. मृतका अपने पति की मौत के बाद से घर में अकेली ही रह रही थीं. अब इस मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है.
