दिल्ली दौरे और केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की अटकलों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जवाब दिया है. इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई और कई मुद्दों पर चर्चा हुई.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने दिल्ली दौरे और केंद्रीय मंत्री बनाए जाने वाली बातों को लेकर साफ जवाब दिया है. इस दौरान उन्होंने कहा कि जिसे जितनी अटकलें लगानी हैं, और जितनी अफवाह फैलानी है, वह यह काम करता रहे. मुझे महाराष्ट्र की जनता ने चुनकर भेजा है और हमारे नेता नरेंद्र मोदी ने मुझे राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है. मैं इस जिम्मेदारी को निभाता रहूंगा.
पीएम मोदी से हुई मुलाकत
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि वह महाराष्ट्र में हैं और वहां ही रहेंगे. उनके इस बयान के बाद केंद्र में मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में उनकी पीएम मोदी से मुलाकात हुई. इस दौरान महाराष्ट्र में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई. साथ ही आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर केंद्र सरकार के साथ चर्चा हुई.
कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर हुई चर्चा
जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास, मुंबई मेट्रो, रेलवे, एयरपोर्ट, पोर्ट और सड़क निर्माण सहित महाराष्ट्र से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई. उनके मुताबिक इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें हर संभव मदद देने का भरोसा भी दिया है.
कई मंत्रियों से हुई मुलाकात
इस दौरान फडणवीस ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की. इस दौरान दोनों लोगों के बीच वियर कॉरिडोर को लेकर जापान की जायका के साथ आगे किस तरह काम किया जाए, इस बात पर चर्चा हुई. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात की और महाराष्ट्र से जुड़े पर्यावरण के मुद्दों पर चर्चा की.
अब फिलहाल दिल्ली दौरे के दौरान देवेंद्र फडणवीस ने केंद्र में मंत्री बनने की अटकलों को खारिज करते हुए साफ संदेश दिया है. उनके मुताबिक फिलहाल उनकी प्राथमिकता महाराष्ट्र है और वह महाराष्ट्र की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे.
