फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्र हॉस्टल की चेकिंग के दौरान इंडक्शन चूल्हे जब्त कर लिया गया. अब इस मामले को लेकर छात्र-छात्राएं विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. यह भी आरोप है कि महिला हॉस्टल की चेकिंग पुरुष गार्डों ने की है.
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से छात्रों के हंगामे का मामला सामने आया है. यहां राजकीय मेडिकल कॉलेज में हॉस्टल चेकिंग और कमरों से इंडक्शन चूल्हे जब्त किए जाने के विरोध में MBBS छात्र-छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया है. मंगलवार को बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर में धरने पर बैठ गए और पढ़ाई का बहिष्कार करते हुए जमकर नारेबाजी की. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि बीती रात मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल के निर्देश पर हॉस्टल के कमरों की चेकिंग की गई थी.
छात्रों ने आरोप लगाते हुए बताया कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के इंडक्शन चूल्हे जब्त कर लिए गए. साथ ही इस दौरान विरोध करने पर अभद्रता भी की गई. छात्राओं ने आरोप लगाया कि महिला छात्रावास के कमरों की चेकिंग पुरुष सुरक्षा गार्डों से कराई गई. अब इस मामले को लेकर छात्राओं में नाराजगी है.
बिजली बिल देने का दावा
धरने पर बैठे छात्रों के मुताबिक हॉस्टल में रहने के दौरान वे बिजली का बिल भी देते हैं. ऐसे में इंडक्शन चूल्हे के इस्तेमाल पर आपत्ति क्यों की जा रही है. छात्रों ने हॉस्टल में चेकिंग की प्रक्रिया और महिला हॉस्टल में पुरुष गार्डों द्वारा चेकिंग कराए जाने पर सवाल उठाए हैं.
कॉलेज प्रशासन की ओर से नहीं आया बयान
अब इस पूरे मामले को लेकर छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. छात्र-छात्राओं का कहना है कि जब तक मामले में उचित समाधान नहीं होता, तब तक उनका विरोध जारी रह सकता है. फिलहाल इस मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
