ED Raid: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है. ईडी की टीमों ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में आज़म ख़ान के ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी की यह रेड ‘प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट’ (PMLA) के तहत की जा रही है. जांच एजेंसी की टीमें आजम खान के वित्तीय लेन-देन, वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध फंडिंग की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई कर रही हैं. बता दें कि कुछ दिन पहले ईडी ने स्थानीय पुलिस से आजम के आपराधिक इतिहास का ब्योरा मांगा था. पुलिस ने जानकारी उपलब्ध नहीं कराई तो टीम खुद ही पहुंच गई और दस्तावेजों को खंगाल रही है.
बताया जा रहा है कि ईडी की टीमों ने मुख्य रूप से आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी’ और इससे जुड़े ‘मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट’ के परिसरों व पदाधिकारियों के रामपुर स्थित आवास और जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है.
क्या है जौहर यूनिवर्सिटी का मामला?
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से जौहर यूनिवर्सिटी सुर्खियों में है और इसका मामला कानूनी पेच में फंसा है. यूनिवर्सिटी पर कथित अनियमितताओं के कारण इसकी 40 में से 38 इमारतों को गिराए जाने का खतरा मंडरा रहा है, हालांकि, इस पर कोर्ट ने रोक लगा दी है. मुरादाबाद कमिश्नर कोर्ट ने यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को गिराने के रामपुर विकास प्राधिकरण यानी RDA के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है. कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त को होने वाली है.
