delhi traffic advisory brics summit: इस खबर में जानिए 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में लागू होने वाले नए ट्रैफिक प्लान और डायवर्जन के बारे में। समझिए कि बीआरआईसीएस (BRICS) समिट के दौरान कौन से रास्ते बंद रहेंगे और रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट कैसे पहुंचें.

delhi traffic advisory brics summit: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक BRICS समिट 2026 का बड़ा आयोजन होने जा रहा है. इस हाई-प्रोफाइल बैठक को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक विशेष एडवाइजरी जारी की है. तीन दिनों तक शहर की कई प्रमुख सड़कों पर गाड़ियो की आवाजाही पर सख्त पाबंदियां रहेंगी. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर निकलें. इसके साथ ही अपने सफर की योजना पहले से ही बना लें ताकि रास्ते में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.
दिल्ली की इन बड़ी सड़कों पर रहेगा सख्त पहरा
सुरक्षा और VVIP मूवमेंट के कारण लुटियंस दिल्ली और आसपास के कई इलाकों को ‘कंट्रोल्ड ज़ोन’ में तब्दील कर दिया गया है. इनमें मथुरा रोड, अकबर रोड, जनपथ और सरदार पटेल मार्ग जैसी मुख्य सड़कें शामिल हैं. इसके अलावा मदर टेरेसा क्रिसेंट, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, पुराना किला रोड और तिलक मार्ग पर भी आम गाड़ियों की आवाजाही पर रोक रहेगी. लोधी रोड, सफदरजंग रोड, पंचशील मार्ग और भगवान दास रोड का इस्तेमाल करने वाले ड्राइवरों को भी डायवर्जन का सामना करना पड़ेगा.
इन मुख्य चौराहों से बदला गया है ट्रैफिक का रास्ता
जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग कट और चौराहों पर डायवर्जन पॉइंट तय किए हैं. राम चरण अग्रवाल चौक (A-पॉइंट), डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (W-पॉइंट) और गुरु नानक चौक से गाड़ियों का रूट बदला जाएगा. पटेल चौक, RML अस्पताल गोलचक्कर, धौला कुआं फ्लाईओवर और मोती बाग फ्लाईओवर से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा. लोधी रोड, मंडी हाउस, नीला गुंबद और ओबेरॉय फ्लाईओवर के आसपास भी गाड़ियों की रफ्तार पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी.
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी हिदायत
जो लोग इन तीन दिनों के दौरान नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाना चाहते हैं, उन्हें खास सावधानी बरतनी होगी. ट्रैफिक पुलिस ने स्टेशन पहुंचने के लिए कुछ अलग और सुगम रास्ते सुझाए हैं. स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़कों पर VVIP मूवमेंट के चलते अचानक ट्रैफिक को रोका जा सकता है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेन पकड़ने के लिए तय समय से काफी पहले घर से निकलें ताकि उनकी ट्रेन न छूटे.
IGI एयरपोर्ट जाने वाले यात्री रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप 11 से 13 सितंबर के बीच दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे हैं, तो सड़क मार्ग का चयन करते समय रूट डायवर्जन का ध्यान रखें. गुरुग्राम, द्वारका, साउथ दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से IGI एयरपोर्ट पहुंचने के लिए विशेष वैकल्पिक मार्ग बनाए गए हैं. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एयरपोर्ट जाने के लिए निजी वाहनों या टैक्सी के बजाय दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें. मेट्रो सेवाएं बिना किसी रुकावट के सामान्य रूप से चालू रहेंगी.
इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 1095 जारी
वीवीआईपी आवाजाही के दौरान बसों, टैक्सियों और निजी वाहनों का शेड्यूल प्रभावित हो सकता है. पुलिस ने चालकों से ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने का अनुरोध किया है. किसी भी तरह की मदद या रास्ते की जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का हेल्पलाइन नंबर 1095 डायल किया जा सकता है. इसके अलावा लोग घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नए अपडेट जरूर चेक कर लें.
