आगरा के खंदौली में एक पति ने अपनक पत्नी की हत्या कर दी. आरोपी एक महीने से घर से लापता था. हत्या के बादवह दो बच्चों को साथ लेकर फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र स्थित पीलीपोखर गांव में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने रिश्तों की पवित्रता को तार-तार कर दिया है. यहां एक महीने से घर से गायब चल रहे बेरोजगार पति ने अचानक लौटकर पत्नी के सिर पर हमला करके चाकू से उसका गला रेत दिया. हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर मौके से फरार हो गया.
8 साल पहले हुई शादी
जानकारी के मुताबिक पीलीपोखर निवासी राजकुमार सिकरवार का 32 साल का बेटा विवेक सिकरवार कोई कामकाज नहीं करता था. उसकी शादी लगभग 8 साल पहले एत्मादपुर के गांव चली निवासी किरण के साथ हुई थी. दोनों के दो बेटे हैं. मायके वालों और पड़ोसियों के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांगों को लेकर विवेक और उसके घरवाले किरण को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे.
कई बार की पंचायतें
किरण के भाई ललित ने पुलिस को बताया कि कई बार दोनों परिवारों और गांव के लोगों के बीच पंचायतें बुलाई गईं. हर बार आरोपी समझौता कर लेता था, लेकिन घर पहुंचते ही फिर से मारपीट और विवाद का सिलसिला शुरू हो जाता था. विवेक कोई काम-धंधा नहीं करता था, जिससे घर का खर्च और बच्चों का भविष्य भी लगातार अधर में लटका हुआ था.
एक महीने से गायब था आरोपी
परिजनों के अनुसार विवेक पिछले लगभग एक महीने से घर से गायब था. सोमवार शाम को वह अचानक घर लौटा. जिसके बाद रात में किसी बात को लेकर उसका फिर से किरण से झगड़ा हुआ. इसके बाद विवेक ने पहले किरण के सिर पर हमला कर उसे अधमरा किया और फिर चाकू से उसका गला काट दिया. हत्या के बाद वह अपने दोनों मासूम बेटों को रात के अंधेरे में ही अपने साथ लेकर फरार हो गया.
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
जब दूसरे दिन किरण के घर का दरवाजा नहीं खुला और न ही बच्चे बाहर खेलने निकले, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई. जब लोगों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो किरण का खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा हुआ था. ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय खंदौली थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस बल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य एकत्रित किए.
