कानपुर में एक निजी अस्पताल की नर्स ने संचालक और उसके भांजे पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आयी और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता का आरोप है कि उसे बंधक बनाकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बनाए गए.
उत्तर प्रदेश में कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में एक निजी अस्पताल की नर्स ने अस्पताल संचालक और उसके भांजे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने उसे बंधक बनाकर कई बार दुष्कर्म करने के साथ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बनाए. साथ ही विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता की तहरीर के आधार पर घाटमपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.
कार से होटल में ले गया
पीड़िता के मुताबिक वह घाटमपुर स्थित श्री जी हॉस्पिटल में नर्स के तौर पर काम करती है. उसने आरोप लगाया कि 16 अगस्त को अस्पताल संचालक सत्यम सैनी ने इमरजेंसी डिलीवरी के नाम पर उसे फोन करके बुलाया. जिसके बाद उसे जहानाबाद रोड स्थित एक होटल ले गया. पीड़िता का आरोप है कि होटल में उसके साथ जबरदस्ती की गई और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भी बनाए गए.
विरोध करने पर बना लिया बंधक
पीड़िता ने बताया कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे और उसके भाई हिमांशु को जान से मारने की धमकी दी गई. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद अस्पताल संचालक सत्यम सैनी और उसके भांजे ललित सैनी ने उसे अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में बंधक बना लिया. यहां दोनों पर कई बार उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है.
वीडियो वायरल करने की दी धमकी
आरोप है कि आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता के ऊपर चुप रहने के लिए दबाव बनाया गया. साथ ही आरोपियों की ओर से जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिसके कारण वह काफी समय तक डर के कारण शिकायत नहीं कर सकी. शिकायत के मुताबिक 31 अगस्त को ललित सैनी पीड़िता को दोबारा जहानाबाद रोड स्थित एक होटल ले गया. वहां भी उसके साथ जबरदस्ती किए जाने का आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी
पीड़िता के पति ने जब इस मामले का विरोध किया तो आरोपियों द्वारा उसे भी धमकी देने की बात सामने आयी है. मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद घाटमपुर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस अब पीड़िता के आरोपों से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है. होटल, अस्पताल और स्थानों से जुड़े साक्ष्यों के साथ-साथ आरोपों की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है.
