लखनऊ में एक गेस्ट हाउस में युवक-युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतकों की पहचान हरदोई निवासी अमित कुमार और नरगिस के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि दोनों के शव फंदे से लटके मिले. मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां चिनहट थाना क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस के कमरे में युवक और युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक दोनों के शव गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में फंदे से लटके मिले. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें लिखा है कि दोनों अपनी मर्जी से मर रहे हैं. उन पर किसी का कोई जोर दबाव नहीं है. उनके परिवार के लोगों को किसी तरह से परेशान ना किया जाए.
कमरे में लटके मिले शव
पुलिस के मुताबिक रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस के संचालक राकेश यादव ने बुधवार रात फोन के जरिए घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक धनंजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 का निरीक्षण किया, जहां युवक और युवती मृत अवस्था में मिले. मृतकों की पहचान 22 समय के अमित कुमार निवासी अरवलपुरब, हरपालपुर, हरदोई और 19 साल की नरगिस निवासी पालिया पंचशाला, हरदोई के रूप में की गई है. पुलिस के मुताबिक दोनों 23 अगस्त से गेस्ट हाउस के इसी कमरे में ठहरे हुए थे.
मौके पर पहुंची पुलिस
शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों ने कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टा लगाकर फांसी लगाई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर लोहिया अस्पताल भेज दिया. घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त निरीक्षक अमित कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया जा रहा है, जिससे घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें.
पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल अभी तक साफ नहीं है कि युवक और युवती ने यह कदम क्यों उठाया. पुलिस उनके गेस्ट हाउस में ठहरने, आपसी संबंध और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है. गेस्ट हाउस में दोनों के आने और यहां ठहरने से संबंधित रिकॉर्ड भी जांच का हिस्सा हो सकते हैं. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले सबूतों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गेस्ट हाउस और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
