लुधियाना में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और पुलिस ने संयुक्त अभियान में डोनी बल गैंग के 2 बदमाशों का एनकाउंटर किया है. अब पुलिस ने ऑपरेशन को लेकर जांच शुरू कर दी है.
पंजाब के लुधियाना में लुधियाना पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के संयुक्त ऑपरेशन में बड़ा एनकाउंटर हुआ है. पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में डोनी बल गैंग के दो बदमाश मारे गए हैं. दोनों की तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी. बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम को बदमाशों के मूवमेंट की जानकारी मिली थी. इसके बाद एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और लुधियाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की. पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया और हॉट चेज के दौरान उन्हें घेर लिया.
अस्पताल में हुए मृत घोषित
मामले में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं. अचानक हुई इस फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों हमलावर घायल हो गए. इसके बाद उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
3 ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद
आपको बता दें कि एनकाउंटर के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मौके की तलाशी भी ली है. तलाशी के दौरान दोनों बदमाशों के पास से 3 ऑटोमैटिक पिस्टल और लगभग 50 राउंड कारतूस बरामद किए जाने का दावा किया जा रहा है. पुलिस अब बरामद हथियारों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन वारदातों में किया गया था.
मारे गए लोगों का किन आपराधिक मामलों से संबंध?
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई को पंजाब पुलिस की गैंगस्टरों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि डोनी बल गैंग से जुड़े और कौन-कौन से लोग सक्रिय हैं और मारे गए दोनों आरोपियों का किन आपराधिक मामलों से संबंध था.
पुलिस ने शुरू की ऑपरेशन की जांच
आपको बता दें कि फिलहाल पुलिस ने पूरे ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. एनकाउंटर के दौरान पुलिस की तरफ से की गई फायरिंग, घटनास्थल से मिले हथियार और कारतूस के साथ अन्य दूसरे साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. लुधियाना में हुई इस मुठभेड़ के बाद गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है.
