बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतका की करीब पांच महीने पहले शादी हुई थी. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है.
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक दर्दनाक घटना सामने आयी है. बरेली के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे. मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी को परेशान करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बेटी के गले पर रस्सी के निशान थे. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतका के पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
5 महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव निवासी सोनू कुमार की शादी 27 अप्रैल को थाना बरखेड़ा क्षेत्र के कोकीली गांव के निवासी तुलाराम की बेटी प्रियंका (22) के साथ हुई थी. शादी को अभी करीब 5 महीने ही हुए थे. मंगलवार को प्रियंका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई तो गांव में हड़कंप मच गया. मृतका के पिता का आरोप है कि उन्होंने अपनी हैसियत के हिसाब से बेटी की शादी की थी. इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज मिलने की बात कहते हुए प्रियंका को परेशान करने लगे थे.
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग भी की जा रही थी. तुलाराम ने बताया कि प्रियंका करीब 5 दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल आई थी. इसके बाद मंगलवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिली. पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने साड़ी के सहारे कुंडे में लटकाकर उनकी बेटी की हत्या कर दी.
पुलिस ने 6 लोगों पर दर्ज की रिपोर्ट
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक वेद सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल की जांच की. बताया जा रहा है कि विवाहिता की मौत के बाद उसके ससुराल वाले घर से फरार हो गए. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. वहीं मृतका के पिता ने क्योलड़िया थाने में ससुराल पक्ष के खिलाफ नामजद तहरीर दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतका के पति सोनू कुमार समेत 6 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
