कानपुर में पांडु नदी का जलस्तर बढ़ गया और पानी लोगों के घरों में पहुँच गया इस दौरान NDRF की टीम ने एक गर्भवती महिला के साथ परिवार को सुरक्षित घर से निकला.
कानपुर में बारिश के बाद पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी आबादी वाले इलाकों तक पहुंच गया है. जानकारी के मुताबिक़ बनपुरवा मजरा, ग्राम पिपौरी में पानी घरों के आसपास पहुंचने से एक परिवार घर के अंदर ही फंस गया. घर के अंदर फंसे परिवार में गर्भवती महिला के साथ बुजुर्ग माता-पिता भी थे. परिवार ने मदद के लिए प्रशासन की हेल्पलाइन नंबर 1070 पर फोन किया. सूचना मिलने के करीब 25 मिनट के भीतर NDRF की टीम मौके पर पहुंची और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
अंदर फाँसी महिला थी गर्भवती
जानकारी के मुताबिक़ पांडु नदी का पानी तेजी से आबादी की ओर बढ़ा. इसके चलते कौशल गौतम का परिवार घर में फंस गया. पानी घर के आसपास जमा होने के कारण परिवार के लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया था. बताया जा रहा है कि कौशल की पत्नी सुमन गुप्ता गर्भवती हैं. ऐसे में परिवार की सबसे बड़ी चिंता उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की थी. परिवार में बुजुर्ग माता-पिता भी मौजूद थे, इसलिए सभी लोगों को सुरक्षित निकालना चुनौती बन गया था.
हेल्पलाइन 1070 पर मांगी मदद
परिवार ने हेल्पलाइन 1070 पर फोन कर अपनी स्थिति बताई. सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को प्राथमिकता पर लिया. परिवार से वॉट्सऐप के जरिए भी लगातार संपर्क किया गया और उन्हें जल्द मदद पहुंचाने का भरोसा दिया गया. हेल्पलाइन पर सूचना मिलने के करीब 25 मिनट के भीतर NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई. इसके बाद टीम ने सावधानी के साथ परिवार के सभी सदस्यों को घर से बाहर निकाला. गर्भवती महिला और बुजुर्गों को भी सुरक्षित तरीके से बाहर लाया गया.
