Dubai to Israel Flight Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट को हाईजैक करने की साजिश नाकाम. भारतीय मूल के कैप्टन ने चाकू से जख्मी होने के बावजूद 180 यात्रियों की जान बचाई.

Dubai to Israel Flight Attack: दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. विमान के को-पायलट ने ही फ्लाइट को हाईजैक करके क्रैश करने की नाकाम कोशिश की. हालांकि, भारतीय मूल के जांबाज कैप्टन की बहादुरी और सूझबूझ से 180 से ज्यादा यात्रियों की जान बच गई. हमलावर को-पायलट ओमान का रहने वाला था, जिसने कॉकपिट के अंदर ही कैप्टन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद भारतीय कैप्टन ने हिम्मत नहीं हारी और हमलावर से भिड़ गए. इस विमान में 27 बच्चों समेत ज्यादातर इजरायली नागरिक सवार थे.
कॉकपिट में 9/11 जैसी खौफनाक साजिश
इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह पूरी घटना अमेरिका में हुए 9/11 जैसे आतंकी हमले की तर्ज पर रची गई थी. ओमानी को-पायलट की योजना या तो विमान का अपहरण कर उसे किसी अनजान जगह उतारने की थी या फिर उसे बीच हवा में क्रैश करने की थी. उड़ान के दौरान अचानक को-पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया. कॉकपिट के अंदर भयानक खूनी संघर्ष हुआ. इजरायली अधिकारियों ने माना कि अगर भारतीय कैप्टन ने समय रहते हमलावर का मुकाबला न किया होता, तो एक बड़ा भयानक हादसा हो सकता था.
ऑफ-ड्यूटी पायलटों और यात्रियों ने की मदद
जब कॉकपिट के अंदर चीख-पुकार और हंगामा शुरू हुआ, तो प्लेन में सवार यात्री बुरी तरह डर गए. एक महिला यात्री मदद चिल्लाते हुए कॉकपिट के पास पहुंची, जहां चारों तरफ खून बिखरा हुआ था. इसके बाद प्लेन में सफर कर रहे कुछ हिम्मतवाले इजरायली यात्रियों ने तुरंत कॉकपिट में घुसकर हमलावर को-पायलट को दबोच लिया. वहीं खुशकिस्मती से उसी फ्लाइट में कुछ ऐसे पायलट भी सफर कर रहे थे जो उस वक्त ड्यूटी पर नहीं थे. उन ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने तुरंत कॉकपिट का कंट्रोल संभाला और विमान को सुरक्षित निकाला.
सऊदी अरब के तबुक में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
हादसे के तुरंत बाद जख्मी कैप्टन और ऑफ-ड्यूटी पायलटों की मदद से विमान को नजदीकी हवाई अड्डे की तरफ मोड़ा गया. प्लेन को सुरक्षित तरीके से सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. बीच हवा में संघर्ष के दौरान एक इजरायली यात्री ने खून से लथपथ चेहरे के साथ एक वीडियो भी बनाया. वीडियो में उसने पूरी दुनिया से मदद की गुहार लगाते हुए बताया कि वे एक हाईजैक की स्थिति में थे, लेकिन उन्होंने हमलावर को काबू में कर लिया है और अब सऊदी अरब में उतर रहे हैं.
सुरक्षा एजेंसियों के उड़े होश, जांच शुरू
इस खौफनाक घटना के बाद इजरायल और खाड़ी देशों की सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि ओमानी को-पायलट को इजरायल जाने वाली फ्लाइट में ड्यूटी की इजाजत कैसे मिली. अमूमन इजरायल की ओर जाने वाली उड़ानों में खाड़ी देशों के क्रू मेंबर्स की बेहद कड़ी और व्यक्तिगत सुरक्षा जांच होती है. इस सुरक्षा चूक को लेकर अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि को-पायलट कॉकपिट के अंदर चाकू जैसा हथियार ले जाने में कैसे कामयाब हुआ.
भारतीय कैप्टन की जांबाजी की दुनिया भर में तारीफ
भारतीय मूल के इस जांबाज पायलट की बहादुरी की चर्चा अब पूरे अंतरराष्ट्रीय मीडिया में हो रही है. चाकू का वार सहने के बाद भी उन्होंने प्लेन का संतुलन नहीं बिगड़ने दिया और यात्रियों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा. अगर उन्होंने सेकंड भर की भी देरी की होती, तो 180 मासूमों की जान जा सकती थी. इस घटना ने साबित कर दिया कि भारतीय पायलटों का अनुशासन और उनका हौसला किसी भी मुसीबत से बड़ा है. फिलहाल सऊदी अरब में सभी यात्रियों की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है.
