मुजफ्फरनगर पुलिस ने 60 घंटे के अंदर हत्या का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने प्रवीण हत्या कांड मामले में उसकी पत्नी और प्रेमी के साथ दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. किसान प्रवीण उर्फ परविंदर की हत्या का पुलिस ने 60 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है. आपको बता दे रतनपुरी थाना क्षेत्र के अंबरपुर जंगल में 27 सितंबर को प्रवीण की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड की साजिश उसकी पत्नी रेखा ने अपने प्रेमी विकास के साथ मिलकर रची थी. पुलिस ने अब इस मामले में रेखा और उसके प्रेमी विकास के अलावा राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पत्नी ने जमीन बेचकर 10 लाख रुपए में प्रवीण की हत्या का सौदा तय किया था.
पति को हुई रिश्ते की जानकारी
पुलिस के मुताबिक रेखा की शादी साल 2006 में प्रवीण से हुई थी. पूछताछ में रेखा ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था. इसी दौरान 2018-19 में उसकी पहचान परिवार के परिचित विकास से हुई थी और इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए. रेखा और विकास शादी करना चाहते थे. जब प्रवीण को दोनों के रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया. इसके बाद रेखा और विकास ने प्रवीण को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
ज़मीन बेचकर किया हत्या का सौदा
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान रेखा ने अपने पति की हत्या के बदले 10 लाख रुपए देने की बात कही थी. इसके लिए जमीन बेचकर रकम जुटाने की योजना बनाई गई थी. विकास ने हत्या के लिए राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह से संपर्क किया. पुलिस के मुताबिक, राजा के करीब डेढ़ लाख रुपए प्रवीण पर बकाया थे और वह काफी समय से अपने पैसे मांग रहा था. इसी वजह से राजा भी प्रवीण की हत्या के लिए तैयार हो गया.
60 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
घटना के बाद एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने मामले के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया था. पुलिस टीमों ने तेजी से जांच करते हुए करीब 60 घंटे में मामले का खुलासा कर दिया. इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध 315 बोर के तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट कार और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की है.
