UP Assembly Election Preparation: उत्तर प्रदेश बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पिछड़ा वर्ग, महिला, अनुसूचित जाति, किसान और अल्पसंख्यक मोर्चा की नई प्रदेश कार्यकारिणी और क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों का ऐलान कर दिया है.

UP Assembly Election Preparation: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सांगठनिक तैयारियों को तेज कर दिया है. बीजेपी ने राज्य में अपने पांच बड़े मोर्चों की नई टीमों की घोषणा कर दी है. पार्टी ने पिछड़ा वर्ग, महिला, अनुसूचित जाति, किसान और अल्पसंख्यक मोर्चा की नई कार्यकारिणी का ऐलान किया है. इन टीमों में प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ-साथ छह अलग-अलग क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रमुखों को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के लिए बीजेपी ने नए और पुराने चेहरों का संतुलन बनाने का प्रयास किया है.
कौशल किशोर के बेटे को मिली बड़ी जिम्मेदारी
अनुसूचित जाति मोर्चा की नई टीम में मोहनलालगंज के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इसके अलावा बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के नए प्रदेश अध्यक्ष की कमान अनस साजिद उस्मानी को दी गई है. पार्टी का लक्ष्य इन मोर्चों के जरिए सभी समुदायों तक अपनी पहुंच को बेहतर बनाना है.
पिछड़ा वर्ग मोर्चा में 12 उपाध्यक्ष और 4 महामंत्री बने
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की सहमति से पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने नई सूची जारी की है. इस बड़ी टीम में 12 प्रदेश उपाध्यक्ष, 4 प्रदेश महामंत्री और 12 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं. उपाध्यक्षों में रामचंद्र प्रधान, महेंद्र सिंह सैनी, अशोक पाल, सविंदर भाटी, हेमंत परिहार, डॉ. सुरेंद्र सिंह भागौर, अर्जुन राजभर, राम नरेश वर्मा, नीरज गुप्ता, मनोज कश्यप, अरविंद मौर्य और सुशील कटियार शामिल हैं. वहीं महामंत्री की जिम्मेदारी प्रणीत भाटी, ज्योति सोनी, शिवनाथ चौधरी और ऋषि चौरसिया को मिली है.
पिछड़ा वर्ग के 6 क्षेत्रीय अध्यक्षों के नाम तय
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने उत्तर प्रदेश के छह क्षेत्रों में क्षेत्रीय अध्यक्ष तैनात किए हैं. गोरखपुर में रवि प्रकाश चौहान उर्फ मोहन चौहान और काशी में इंद्र भूषण मौर्य को कमान मिली है. अवध क्षेत्र में नीरज कटियार और कानपुर क्षेत्र में मनोज राजपूत को जिम्मेदारी दी गई है. वहीं ब्रज क्षेत्र में नवीन प्रजापति और पश्चिम क्षेत्र में सुनील भाटी को अध्यक्ष बनाया गया है. इसके साथ ही सुरेश यज्ञसैनी को कोषाध्यक्ष, विजय गुप्ता को कार्यालय मंत्री, साकेत शर्मा को मीडिया प्रभारी, प्रवीण कुशवाहा को सोशल मीडिया संयोजक और जितेंद्र सिंह लोधी को शोध विभाग का जिम्मा दिया गया है.
महिला मोर्चा की कमान सरोज कुशवाहा के हाथ
बीजेपी ने महिला मोर्चा की नई प्रदेश टीम की भी घोषणा की है. सरोज कुशवाहा की अगुवाई वाली इस टीम में 12 प्रदेश उपाध्यक्ष, 2 प्रदेश महामंत्री और कई प्रदेश मंत्रियों को जगह दी गई है. इसमें रागिनी जायसवाल को प्रदेश मंत्री और रानिका जायसवाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है. रुचि राय को सह-कोषाध्यक्ष, सारिका श्रीवास्तव को कार्यालय मंत्री और शिप्रा त्रिपाठी को मीडिया संयोजक की भूमिका मिली है.
महिला मोर्चा में क्षेत्रीय अध्यक्षों का भी ऐलान
महिला मोर्चा ने भी राज्य के छह क्षेत्रों के लिए नई क्षेत्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति की है. पश्चिम क्षेत्र में अचला सिंह जाट और ब्रज क्षेत्र में चंद्रेश गुप्ता को कमान सौंपी गई है. कानपुर में मोना शुक्ला और अवध क्षेत्र में डॉ. श्वेता सिंह को यह जिम्मेदारी मिली है. वहीं काशी क्षेत्र की जिम्मेदारी सुनीता राजेश सिंह और गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी संध्या त्रिपाठी को दी गई है.
