Flydubai Knife Attack: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट को यात्रियों ने दबोच लिया. इजरायली पीएम नेतन्याहू ने बताया कि आरोपी आत्मघाती बन चुका था.

Flydubai Knife Attack: फ्लाईदुबई के विमान में बीच हवा में हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरी दुनिया को सन्न कर दिया है. कॉकपिट के अंदर भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर हमला करने वाला को-पायलट ओमान का रहने वाला है. इस सिरफिरे पायलट को काबू में करने के लिए यात्रियों ने इयरफोन की तारों से उसके दोनों हाथ पीछे बांध दिए थे. घुटनों के बल गिरा यह आरोपी बार-बार चिल्ला रहा था कि ‘मुझे मार दो, मुझे मार दो’. इस खौफनाक मंजर का खुलासा खुद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक टीवी इंटरव्यू में किया है. उन्होंने बताया कि आरोपी पायलट पूरी तरह कट्टरपंथी बन चुका था और प्लेन को क्रैश करने की साजिश रच रहा था.
कॉकपिट में भारतीय कैप्टन पर किया जानलेवा हमला
यह दर्दनाक वाकया फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हवा के बीचों-बीच घटा. कॉकपिट में मौजूद ओमानी को-पायलट ने अचानक भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला कर दिया. कैप्टन मछार ने अपनी जान पर खेलकर और गजब की हिम्मत दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. दरवाजा खुलते ही बाहर मौजूद यात्री अंदर घुसे और घायल कैप्टन को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए प्लेन का कंट्रोल अपने हाथ में लिया और हमलावर को-पायलट को दबोच लिया.
इयरफोन की तार से बांधे हाथ, बोला- ‘kill me’
इजरायली पीएम ने बताया कि यात्रियों ने हमलावर को नीचे पटक दिया और इयरफोन की तारों से उसके हाथ बांध दिए. जमीन पर पड़ा आरोपी क्रू मेंबर्स से कह रहा था कि उसे मार दिया जाए. नेतन्याहू ने बताया कि घटना के वक्त प्लेन हवा में हिचकोले खाने लगा था. विमान इतनी तेजी से नीचे गिरा कि अंदर बैठे छोटे बच्चे सीधा छत से जा टकराए. प्लेन में सवार लोग अपनी जिंदगी की आखिरी घड़ियां मानकर प्रार्थना करने लगे थे. बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक शहर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
सोशल मीडिया पर उगलता था नफरत का जहर
जांच में सामने आया है कि आरोपी को-पायलट का दिमाग पूरी तरह से कट्टरपंथी सोच से भरा हुआ था. इजरायली अधिकारियों के मुताबिक वह सोशल मीडिया पर यहूदियों के खिलाफ नफरत फैलाने वाली बातें लिखता था. वह पूरी तरह आत्मघाती हमलावर बन चुका था और उसका मकसद प्लेन को हवा में ही तबाह करना था. फिलहाल आरोपी को सऊदी अरब की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जांच पूरी होने के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए यूएई (UAE) भेजा जाएगा.
भारतीय कैप्टन स्मित मछार की हालत में सुधार
इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय कैप्टन स्मित मछार अब खतरे से बाहर हैं. पहले उन्हें सऊदी अरब के तबुक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां शुरुआती इलाज के बाद उन्हें यूएई के अबू धाबी शिफ्ट कर दिया गया है. यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल जाकर कैप्टन मछार और उनके परिवार से मुलाकात की. भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि कैप्टन तेजी से ठीक हो रहे हैं और डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
सुरक्षा नियमों में बदलाव करेगा इजरायल
हवा में हुई इस खौफनाक साजिश के बाद इजरायल ने अपनी आंतरिक सुरक्षा प्रक्रियाओं में बड़े बदलाव करने का फैसला किया है. इजरायली एजेंसियां इस पूरे मामले की अपनी तरफ से भी अलग जांच कर रही हैं. वहीं फ्लाईदुबई और एयरलाइन सुरक्षा से जुड़ी एजेंसियां भी को-पायलट के बैकग्राउंड की जांच में जुट गई हैं. इस घटना ने उड़ानों के दौरान कॉकपिट सुरक्षा और क्रू मेंबर्स के दिमागी संतुलन को लेकर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
