उत्तराखंड के मशहूर जिम चालक मोहम्मद दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक़ दीपक के ख़िलाफ़ बिजनेसमैन से गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप है.
उत्तराखंड के कोटद्वार में मोहम्मद दीपक नाम से सोशल मीडिया पर चर्चित जिम संचालक दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कोटद्वार निवासी व्यापारी संजीव टोंक ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दीपक कुमार ने उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
पुलिस प्रशासन ने निकाला फ्लैग मार्च
मामले की जांच करते हुए पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, तस्वीरें और अन्य साक्ष्य जुटाए. पुलिस प्रशासन के अनुसार आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता को अपशब्द कहने, चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने की पुष्टि हुई है. क्षेत्र में शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की प्रबल आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया. घटना के बाद किसी भी तरह के तनाव को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने देर शाम कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला.
जनवरी में हुए थे मशहूर
आपको बता दें कि दीपक कुमार इस साल जनवरी में उस समय देशभर में सुर्खियों में आए थे, जब कोटद्वार में एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार की दुकान के नाम में बाबा शब्द के इस्तेमाल को लेकर कुछ लोगों ने भारी विरोध जताया था. उस दौरान दीपक कुमार ने बुजुर्ग दुकानदार के समर्थन में आकर विरोध करने वाले लोगों से तीखी बहस की थी. बहस के दौरान उन्होंने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया था.
