बरेली पुलिस ने करीब 26 महीने पहले हुए एक हत्याकांड का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में मृतका के बेटे को गिरफ्तार किया है. आपको बता दें कि यह पूरा मामला साल 2024 का है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने बड़ी करवाई की है. जिले के भमोरा थाना क्षेत्र स्थित कुड्डा गांव में 26 महीने पहले हुई 55 वर्षीय रामबेटी की हत्या की मिस्ट्री को पुलिस ने सुलझा लिया है. बताया जा रहा है कि जिस मामले में पीड़िता के परिजनों ने अपने ही पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया था, SIT जांच में पूरी कहानी उलटी निकली. पुलिस ने मामले में मृतका के दूसरे बेटे महेंद्र को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी रंजिश निकालने और दुश्मनों को फंसाने की नीयत से खुद अपनी मां का कत्ल किया था.
साल 2024 का है मामला
आपको बया दें कि घटना 6 अगस्त साल 2024 की सुबह की है. उस दिन रामबेटी अपने घर के बाहर सो रही थीं और तभी उनकी हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद मृतका के बेटे गजेंद्र ने अपने चचेरे भाई नत्थू सिंह, सर्वेश, सुरेंद्र, वीरेंद्र, छोटेलाल और बाद में वीरेश उर्फ बाबा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
आरोपियों का हुआ लाइ डिटेक्टर टेस्ट
हालांकि घटना के बाद भमोरा पुलिस को करीब एक साल तक जांच के बाद भी नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिले. मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP अनुराग आर्य ने एसपी दक्षिणी के नेतृत्व में SIT गठित की और विवेचना कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर को सौंपी. जांच के दौरान नामजद आरोपियों का दिल्ली स्थित सीबीआई लैब में पॉलिग्राफ (लाइ डिटेक्टर) टेस्ट कराया गया. टेस्ट में किसी भी आरोपी की संलिप्तता साबित नहीं हुई, जिसके आधार पर न्यायालय ने उन्हें दोषमुक्त कर दिया.
आरोपी ने पूछताछ में कबुला जुर्म
हालांकि आरोपियों के बरी होने के बाद भी पुलिस ने जांच बंद नहीं की. पुलिस ने इसके बाद वादी पक्ष और परिवार के सदस्यों की भूमिका खंगालनी शुरू की. कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने रामबेटी के दूसरे बेटे महेंद्र को पूछताछ के लिए बुलाया. गहन पूछताछ में जब पुलिस को उस पर शक हुआ, तो कड़ाई करने पर महेंद्र ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी महेंद्र ने बताया कि उसकी अपने विरोधियों से पुरानी दुश्मनों चल रही थी. उन्हें हत्या के मामले में जेल भिजवाने और बदला लेने की नियत से उसने खुद अपनी मां की जान ले ली. पुलिस ने महेंद्र को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है.
