पंजाब कांग्रेस ने अपना नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. अब इसको लेकर बीजेपी ने कांग्रेस हाईकमान पर निशाना साधा है. नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने आरोप लगाया कि पार्टी वफादार कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर देती है.
कांग्रेस हाईकमान द्वारा परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. अब कांग्रेस के इस फैसले पर बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस का इतिहास देखिए. हाल के दिनों में, जरूरी चुनावों के आस-पास जिन कई नेताओं को आगे लाया गया है, उनका पॉलिटिकल बैकग्राउंड कांग्रेस के पारंपरिक संगठन से बाहर का रहा है, जबकि सालों से पार्टी के लिए काम करने वाले वफादार अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.
वफादारी के सम्मान पर कही बात
कॉंग्रेस पर निशाना साधते हुए बिट्टू ने कहा कि जो वर्कर और नेता सालों से जमीनी स्तर पर पार्टी को मज़बूत कर रहे हैं, उन्हें सम्मान और इज्जत की उम्मीद थी. लेकिन जब वफादारी का सम्मान करने की बात आती है, तो हाईकमान अक्सर पॉलिटिकल सुविधा, गुटबाजी को मैनेज करने और अपने पसंदीदा नेताओं को तरजीह देने में ज्यादा दिलचस्पी लेता दिखता है.”
पुराने दिनों को किया याद
इस दौरान बीजेपी नेता बिट्टू ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि इस इस्तेमाल करो और छोड़ दो वाली सोच की वजह से कई वफादार कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्त्ताओं में नाराजगी है. और आखिर में इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से मिस्टर राहुल गांधी पर आती है. उन्होंने कहा कि मैं इस पॉलिटिकल कल्चर को बहुत पहले समझ गया था. इसलिए मैंने सही समय पर अपना फैसला लिया. वफादारी का सम्मान होना चाहिए. जब जरूरत हो, तो अपना रास्ता चुनने में हिचकिचाएं नहीं.
परगट सिंह को बनाया अध्यक्ष
आपको बता दे कि पूर्व ओलंपियन और जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह को पंजाब प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया है. उन्होंने अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की जगह ली है. कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर इस नियुक्ति की घोषणा करते हुए कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है.
