बालोद में एक 13 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है.इस घटना के करीब बारह दिन बाद बच्ची ने अपनी माँ को आपबीती सुनाई. इसके बाद पुलिस हरकत में आई और तीनों आरोपियों को अरेस्ट किया है.
छत्तीसगढ़ के बालोद में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां तीन युवकों ने मिलकर एक 13 साल की मासूम बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. वारदात के बाद 12 दिनों तक यह बच्ची चुप रही, जिसके बाद उसने अपनी मां को पूरा घटनाक्रम बताया. इसके बाद मां ने पुलिस में शिकायत दी. इस शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने तीनों आरोपियों को अरेस्ट किया है.
12 दिन बाद दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के मुताबिक़ यह पूरा मामला बालोद के रनचिरई थाना क्षेत्र के एक गांव का है. पुलिस के मुताबिक 14 अक्टूबर को तीन आरोपियों ने इस बच्ची को राह चलते अगवा किया और डरा धमकाकर एक सूनसान मकान में ले जाकर हैवानियत को अंजाम दिया. इस संबंध में पीड़िता की मां ने 27 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दी. पीड़ित बच्ची के बयान के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करते हुए उन्हें अरेस्ट किया है.
बेहोश हो गई थी बच्ची
पीड़िता की मां ने पुलिस को शिकायत के दौरान बताया कि उनकी बेटी महज 13 साल तीन महीने की है. वारदात की शाम वह घर से पेन खरीदने के लिए निकली थी. रात करीब आठ बजे तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. इसी दौरान रात में करीब 11 बजे सूचना मिली कि बच्ची गांव के कुछ युवकों द्वारा एक रिश्तेदार के घर बेहोशी की हालत में लाई गई है. इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
दो लोगों ने डराया धमकाया
परिजनों के मुताबिक़ अस्पताल से लौटने के बाद बच्ची चुपचाप और डरी-सहमी रहने लगी थी. परिजनों के बार बार पूछने पर भी उसने कुछ नहीं बताया. इसी बीच 26 अक्टूबर को उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी. पीड़ित बच्ची ने माँ को जानकारी देते हुए बताया कि गांव के ही दो युवक उसे डराकर धमकाकर एक घर में ले गए, वहां एक अन्य युवक को फोन कर बुलाया और फिर तीनों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता के मुताबिक वारदात के दौरान ही वह बेहोश हो गई थी. हालांकि बाद में होश में आने पर वह उस मकान से बाहर निकली.
