देश में इस समय 10 मिनट में डिलीवरी वाला एक अलग ट्रेंड चला है. हैदराबाद में एक 25 साल के डिलीवरी बॉय अभिषेक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसके बाद यूनियनों ने इस घटना के लिए 10 मिनट डिलीवरी मॉडल को जिम्मेदार बताया है. यह हादसा ऑर्डर की जल्दी डिलीवरी के कारण हुआ है.
हैदराबाद में डिलीवरी बॉय की मौत
हैदराबाद में हुई इस घटना ने एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं. इस इस तेज डिलीवरी की दौड़ में इंसान की जन की कीमत कम हो गई है? क्या जल्दी ऑर्डर डिलीवर करना किसी इंसान की जान से ज्यादा जरूरी है. हैदराबाद में एक 25 साल के डिलीवरी बॉय की सड़क हादसे में मौत हो गई. अभिषेक अपने परिवार का सहारा बना हुआ था. वह अपनी पढ़ाई के साथ में डिलीवरी बॉय का काम किया करता था. एक ऑर्डर को जल्दी डिलीवर करने के कारण वह सड़क पर जा रहा था और उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे पीछे से आ रही एक प्राइवेट बस ने उसे कुचल दिया. यह हादसा सोमवार को देर रात मेहदीपट्टनम के पास हुआ था.
कैसे हुई यह घटना?
अभिषेक शेखपेट का रहने वाला था और BBA का लास्ट ईयर का छात्र था. बताया जा रहा है कि अभिषेक टोलिचौकी की तरफ एक ऑर्डर को पहुंचाने जा रहा था. रास्ते में उसकी बाइक फिसल गई और पीछे से आने वाली एक प्राइवेट बस ने उसे सड़क पर कुचल दिया. इस हादसे में अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में मेहदीपट्टनम पुलिस ने मामला दर्ज करके इसकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया कि अभिषेक ऑर्डर पहुंचाने के लिए काफी जल्दबाजी में था.
श्रम मंत्री को लिखा पत्र
इस घटना के बाद में पुलिस ने सभी गिग वर्कर्स से कहा है कि सभी लोग हेलमेट का इस्तेमाल जरूर करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें. इस हादसे के बाद गिग वर्कर यूनियन में काफी ज्यादा गुस्सा नजर आ रहा है. तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) ने सीधे तौर पर इस घटना की वजह 10 मिनट डिलीवरी मॉडल को बताया है. वहीं इस घटना के बाद यूनियन ने तुरंत ही हस्तक्षेप की मांग की है और तेलंगाना के श्रम मंत्री को पत्र लिखा है. इस पत्र में गिग वर्कर्स ने कई मांग की हैं, जैसे-
- जान गंवाने वाले अभिषेक के परिवार को 5 लाख रुपए का एक्स-ग्रेशिया भुगतान किया जाए.
- सभी गिग वर्कर्स के लिए Workmen’s Compensation Act को लागू किया जाए.
- 10 मिनट में डिलीवरी जैसे टारगेट्स को हटाया जाए.
इस घटना के होने के बाद में पुलिस ने अभिषेक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शव को परिवार वालों को सौंप दिया है.
यह भी पढ़ें- तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा! तेज रफ्तार SUV ने खोया कंट्रोल, 4 छात्रों की मौके पर मौत
