झारखंड के रांची से एक हैरान करने वाली घटना सामने आयी है. यहां टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया. एक दामाद ने अपनी पत्नी और सास को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मार डाला. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया.
झारखंड के रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद डबल मर्डर की वारदात सामने आई है. जानकारी के मुताबिक पुराना चतरा इलाके में एक दामाद पर अपनी पत्नी और सास को लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटने का आरोप है. हमले में गंभीर रूप से घायल मां-बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी दामाद सावन बिरहोर फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
लोहे की रॉड से किया हमला
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर पुराना चतरा निवासी सावन बिरहोर का किसी घरेलू बात को लेकर अपनी पत्नी ममता देवी से विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लोहे की रॉड से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में ममता देवी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं.
इलाज के दौरान हुई मौत
बताया जा रहा है कि महिला पर हमला होते देख उसकी मां सोनिया देवी बेटी को बचाने और दामाद को रोकने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं. आरोप है कि इस दौरान सावन बिरहोर ने अपनी सास पर भी रॉड से कई वार कर दिए. हमले में सोनिया देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद परिजन दोनों महिलाओं को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया. हालांकि, इलाज के दौरान मां और बेटी दोनों की मौत हो गई.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान 48 वर्षीय सोनिया देवी, पत्नी नुकुल महली और उनकी 34 वर्षीय बेटी ममता देवी के रूप में हुई है. एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. घटना के बाद आरोपी सावन बिरहोर मौके से फरार हो गया. परिजनों की शिकायत पर टाटीसिलवे थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.
