रांची के नरकोपी थाना क्षेत्र के बोबरो गांव की सियाटोली में एक पिता ने अपनी ही बेटे की हत्या कर दी. घटना के बाद उसने परिवार को ख़ुद ही जानकारी दी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
झारखंड की राजधानी रांची से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता ने अपने ही बेटे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि यह घटना नरकोपी थाना क्षेत्र के बोबरो गांव की सियाटोली की है. आरोपी पिता देवनाथ उरांव मानसिक बीमारी से जूझ रहा है. रात में वह घर से बाहर भागने की कोशिश कर रहा था. इस पर 17 वर्षीय बेटे नितेश उरांव ने उसे रोकने के लिए कमरे में बंद कर दिया. इसी बात से नाराज होकर पिता ने मंगलवार को बेटे पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए.
खुद ही परिवार को दी जानकारी
जानकारी के मुताबिक़ मंगलवार तड़के करीब 4 बजे नितेश गहरी नींद में सो रहा था. इसी दौरान देवनाथ ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली. इसके बाद उसने सो रहे बेटे पर एक के बाद एक कई वार कर दिए. धारदार हथियार से हुए हमले में नितेश गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद आरोपी पिता ने खुद ही घर के अन्य सदस्यों को बेटे पर हमला करने और उसकी हत्या की जानकारी दी. परिजनों ने तुरंत ही नितेश को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
युवक की हत्या की सूचना मिलने के बाद नरकोपी थाना पुलिस की टीम बोबरो गांव की सियाटोली पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने नितेश के खून से लथपथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. वहीं, पुलिस ने हत्याकांड के आरोपी पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है. मामलर की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मानसिक बीमारी से जूझ रहे देवनाथ ने इसी वजह से बेटे की हत्या की. हालांकि, पुलिस अभी हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है. नरकोपी थाना पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
