सिद्धार्थनगर में फुल्की खाने से 100 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए. बताया जा रहा है कि खेसरहा क्षेत्र के कलनाखोर समेत कई गांवों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग ने फुल्की खाई थी. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा.
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से दीपावली के त्योहार के बीच फूड प्वाइजनिंग की बड़ी घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक खेसरहा थाना क्षेत्र के कलनाखोर, पेड़ारी समेत आसपास के दो-तीन गांवों में गोलगप्पे खाने के बाद 100 से अधिक लोग बीमार पड़ गए. इन लोगों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक कई बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी पीड़ितों का इलाज मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में जारी है.
फुल्कि खाकर बीमार हुई लोग
जानकारी के मुताबिक, खेसरहा क्षेत्र के गांवों में एक स्थानीय फुल्की विक्रेता घूम-घूमकर फुल्की बेचता था. ग्रामीणों ने उससे खरीदकर फुल्की खाई थी. इसके कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द जैसी शिकायत होने लगी. इसके बाद देखते ही देखते एक के बाद एक कई लोग बीमार पड़ गए. अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांवों में अफरा-तफरी मच गई.
कई लोगों को किया गया रेफर
जानकारी के मुताबिक शुरुआत में परिजन बीमार लोगों को स्थानीय दवाखानों में ले गए, लेकिन जब हालत में सुधार नहीं हुआ और उल्टी-दस्त व पेट दर्द की शिकायत बढ़ने लगी तो उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. इसके बाद स्थिति को देखते हुए कई मरीजों को जिला मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया.
