कानपुर में कुछ युवकों ने इंसानियत की हद पार कर दी. जाजमऊ इलाके में कुछ युवकों ने एक कुत्ते के काटने पर उसे पीट-पीटकर मार डाला. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. इसके बाद पुलिस ने भी जांच शुरु कर दी है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर से बेजुबान जानवर के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है. यहां जाजमऊ के ताड़बगिया तीन खम्बा इलाके में कुछ युवकों ने एक कुत्ते को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि नशे में धुत युवक कुत्ते के ऊपर गिर गया था. इस दौरान कुत्ते ने उसे काट लिया. इसी बात से नाराज होकर कई युवक हथियार लेकर कुत्ते पर टूट पड़े. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
वीडियो में दिखाई दिए हमलावर
घटना के वायरल वीडियो में कई युवक कुत्ते को घेरकर उस पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कोई लाठी से पीट रहा है तो कोई लोहे की रॉड से वार कर रहा है. कुत्ता हमलावरों से बचने के लिए छटपटाता रहता है, लेकिन युवक उस पर हमला करना बंद नहीं करते.
हमलावरों को रोकते रहे लोग
वायरल वीडियो में आसपास मौजूद कुछ लोग हमलावरों को रोकने की कोशिश करते भी सुनाई देते हैं. लोग लगातार ‘मत मारो’ कहकर कुत्ते को छोड़ने की बात कहते हैं, लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं होता. देखते ही देखते हमलों से कुत्ते की मौत हो जाती है. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस क्रूरता के खिलाफ नाराजगी जताई.
पुलिस कर रही मामले की जाँच
इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद जाजमऊ पुलिस थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है. वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने बताया कि कि मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
