अनंत अंबानी ने देव दीपावली से पहले वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन किए. यह उनकी पाँच महीने के भीतर दूसरी वाराणसी यात्रा रही. उन्होंने दर्शन करने के बाद मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान भी दिया.
भारत के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र और रिलायंस समूह के निदेशक अनंत अंबानी देव दीपावली से पहले सोमवार को अचानक धार्मिक नगरी काशी पहुंचे. जानकारी के मुताबिक़ पांच महीने के भीतर यह उनकी दूसरी वाराणसी यात्रा रही. इस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान अर्पित किया. इसके अलावा उन्होंने मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी विशेष कुमकुम पूजा कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया.
शाम को पहुंचे मंदिर
अनंत के तय कार्यक्रम के मुताबिक, वह मुंबई से विशेष चार्टर विमान से शाम करीब 4:10 बजे बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे. इसके बाद वहां वीवीआईपी लाउंज में वाराणसी के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने उनकी अगवानी की. जानकारी के मुताबिक़ कड़ी सुरक्षा के बीच शाम करीब 5:30 बजे उनका काफिला श्री काशी विश्वनाथ धाम के वीवीआईपी गेट पर पहुंचा, जहां मौजूद श्रद्धालुओं का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया.
एक करोड़ का दिया दान
बताया जा रहा है कि गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन व जलाभिषेक करने के बाद अनंत अंबानी ने मंदिर के स्वर्ण शिखर को हाथ जोड़कर नमन किया और मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान दिया.
पूजा करके निकल गए मुंबई
जानकारी के मुताबिक़ बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद अनंत अंबानी पैदल ही मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंच गए. यहां 21 ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन और वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ उनका स्वागत किया. मां अन्नपूर्णा मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें माता का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. दर्शन-पूजन के बाद वे सीधे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और रात 8:40 बजे चार्टर विमान से मुंबई के लिए रवाना हो गए.
