Sourav Das Cockroach Janata Party: ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर बोलने जा रहे कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास को ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया. इस कार्रवाई से नाराज दास ने सरकार पर आंदोलन दबाने का आरोप लगाया और कहा कि अगर वे विजय माल्या या नीरव मोदी होते तो उनके लिए लाल कालीन बिछाया जाता.

Sourav Das Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के आंदोलन से घबरा गई है. उनके मुताबिक नेताओं की विदेश यात्रा रोककर, प्रदर्शनों पर पाबंदी लगाकर और सोशल मीडिया पोस्ट हटाकर पार्टी की आवाज दबाई जा रही है. सौरव दास का यह बयान ऐसे समय आया है, जब एक दिन पहले ही उन्हें ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया था. उन्हें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर अपनी बात रखने के लिए बुलाया गया था.
माल्या और नीरव मोदी का दिया उदाहरण
प्रेसवार्ता के दौरान सौरव दास ने तंज कसते हुए कहा कि अगर वह विजय माल्या या नीरव मोदी होते, तो उनके लिए लाल कालीन बिछाया जाता. वह महज तीन-चार घंटे में लंदन के लिए उड़ान भर लेते. उन्होंने बताया कि सरकार ने पासपोर्ट में गड़बड़ी की बात कहकर उसे चिह्नित कर दिया था. इसी आधार पर एयरपोर्ट पर आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें विदेश जाने से रोक दिया.
जांच एजेंसियों और दस्तावेजों को लेकर आरोप
सौरव दास ने दावा किया कि सरकार को ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के जरिए पार्टी नेताओं के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिल रहा है. इसी वजह से अब सरकार नया रास्ता अपना रही है. उनके मुताबिक अब नेताओं की नागरिकता, आधार कार्ड और पढ़ाई-लिखाई की डिग्रियों पर सवाल उठाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें परेशान किया जा सके.
ऑक्सफोर्ड यूनियन में होने वाला था मुख्य कार्यक्रम
पार्टी नेता ने जानकारी दी कि उन्हें और पार्टी की कानूनी प्रमुख रत्ना सिंह को एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में बोलने के लिए निमंत्रण मिला था. उन्होंने साफ किया कि यही उनका मुख्य कार्यक्रम था. दोनों नेताओं को वहां युवाओं के इस आंदोलन और उसके मकसद पर चर्चा करनी थी, लेकिन यात्रा रुकने से यह संभव नहीं हो पाया.
ब्रिटेन के कई अन्य संस्थानों में भी थी चर्चा
ऑक्सफोर्ड के अलावा ब्रिटेन के कई दूसरे बड़े संस्थानों में भी छात्रों ने उनके कार्यक्रम तय किए थे. इनमें लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, एडिनबर्ग विश्वविद्यालय और क्वीन मैरी विश्वविद्यालय शामिल थे. सौरव दास के अनुसार इनमें से कुछ आयोजनों को खुद विश्वविद्यालय प्रशासन का समर्थन था, जबकि कुछ कार्यक्रम छात्रों की ओर से रखे गए थे.
देश के भीतर भी आवाज दबाने का लगाया आरोप
अपनी बात रखते हुए सौरव दास ने 2018 की एक घटना का जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि देश छोड़ने से पहले विजय माल्या ने संसद में तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात कर लंदन जाने की बात बताई थी. अंत में दास ने आरोप लगाया कि सरकार न केवल विदेश में, बल्कि भारत के अंदर भी इस आंदोलन को अपनी बात रखने से रोक रही है.
