बिहार के रोहतास जिले में एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई और 3 महिलाओं समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.
ट्रक ने ऑटो में मारी टक्कर
बिहार के रोहतास जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. रोहतास जिले में करगहर थाना क्षेत्र के खरारी गांव के पास में एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में ऑटो में सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, इसी के साथ 3 महिलाओं समेत 6 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है. ट्रक और ऑटो की टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
ऑटो के उड़ गए परखच्चे
ट्रक ने ऑटो में इतनी जोर से टक्कर मारी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में बैठे लोग सड़क पर गिर गए. इस हादसे के बाद पास में मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और तुरंत ही घायलों को संभालना शुरू कर दिया. इस हादसे में मरने वाले लोगों की पहचान सरोज बैठा और महेंद्र पासवान के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि दोनों रोहतास सजिले भगवलिया गांव के रहने वाले थे.
शादी में खाना बनाकर लौट रहे थे लोग
ऑटो में बैठे लोग एक शादी समारोह में खाना बनाने का काम करके घर पर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिसमें 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान भगवलिया गांव के रहने वाले मोहन साव, पिंटू यादव और रामसागर साव के रूप में हुई है. इसी के साथ में सासाराम के सैफुल्लागंज की निवासी मधु कुमारी और रीना देवी के साथ सहपती देवी भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं.
पुलिस ने जब्त किया ट्रक
हादसे में घायल सभी लोगों को सासाराम ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया है. इस घटना की सूचना मिलते ही करगहर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रक को जब्त कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच करके हादसे के कारणों को पता किया जा रहा है.
