बस्ती: बस्ती के परसरामपुर थाने से लापता सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ का शव अयोध्या में सरयू नदी से बरामद हुआ है. 5 फरवरी से गायब दारोगा की बाइक पहले ही लावारिस हालत में नदी के पास खड़ी मिली थी. जिसके बाद से उनकी तलाश जारी थी. शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. अब पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रही है ताकि मौत की असली वजह का पता चल सके. सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ के मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है. इस घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं.
5 फरवरी के बाद से कोई संपर्क नहीं
परिवार के मुताबिक 5 तारीख की शाम लगभग 3 बजे उनकी आखिरी बार बात हुई थी. इसके बाद 8 से 9 बजे के बीच उन्होंने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन फोन बंद मिला. 6 फरवरी की सुबह भी फोन बंद मिलने पर उन्होंने थाने के अन्य स्टाफ से संपर्क किया, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई. फिर तलाश शुरू हो गई. सदर सर्किल के अमहट घाट पर उनकी मोटरसाइकिल मिली थी. इसके बाद से सरयू नदी में गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया. बस्ती पुलिस को लगातार प्रयासों के बावजूद कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
लावारिस हालत में खड़ी थी बाइक
काफी खोजबीन के बाद उनकी बाइक शनिवार रात को बस्ती के सदर कोतवाली क्षेत्र में अमहट नदी के घाट पर लावारिस हालत में खड़ी मिली थी. बाइक मिलने के बाद पुलिस ने कुआनों नदी में गोताखोरों की मदद से घंटों तलाश की थी, लेकिन तब उनका कोई सुराग नहीं मिला था. शव मिलने के बाद पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है. एसआई अजय गौड़ मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी थे.
अनसुलझे सवाल बाकी?
अजय गौड़ मूल रूप से देवरिया जिले के रहने वाले थे. उनकी मौत की खबर मिलने के बाद पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर उनकी जान कैसे गई. अगर उनकी बाइक बस्ती के अमहट घाट पर मिली थी, तो उनका शव अयोध्या की सरयू नदी तक कैसे पहुंचा? एएसपी श्यामकांत ने बताया कि SI के लापता होने की सूचना मिलते ही केस दर्ज कर लिया गया था और पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी थी.
